हिमाचल: भोरंज उपचुनाव में भाजपा की जीत, 8290 मतों से जीते अनिल धीमान
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की भोरंज विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। यहां से अनिल धीमान ने जीत हासिल की है।
जेएनएन, हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की भोरंज विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। यहां से भाजपा प्रत्याशी डॉ अनिल धीमान ने 8290 मतों से जीत हासिल की है। ऐसे में कांग्रेस को हिमाचल में एक बड़ा झटका लगा है। इस चुनाव में डॉ अनिल धीमान को 24, 434 वोट पड़े। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रोमिला को 16, 144 वोट मिले।
यह भी पढ़ें: उपचुनाव: हिमाचल में भाजपा की जीत, दिल्ली सहित 3 राज्यों में BJP अागे
इस चुनाव में कुल पांच प्रत्याशी चुनाव में खड़े हुए थे। भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान, कांग्रेस प्रत्याशी प्रोमिला देवी, भाजपा से बागी आजाद प्रत्याशी पवन कुमार, कांग्रेस से बागी आजाद प्रत्याशी रमेश डोगरा व आजाद प्रत्याशी कुसुम आजाद चुनाव मैदान में थे। आजाद प्रत्याशी पवन कुमार को 4630, रमेश डोगरा को 974 तथा कुसुम आजाद को 403 वोट पड़ें। इस उपचुनाव में महिलाओं ने पुरुषों के अपेक्षा अधिक मतदान किया था। कुल 73975 मतदाता थे जिनमें से 46848 ने वोट डाले थे।
पूर्व मंत्री के बेेटे हैं अनिल धीमान
भाजपा के उम्मीदवार डा. अनिल धीमान भोरंज से भाजपा के छह बार विधायक रहे एवं शिक्षा मंत्री रहे आईडी धीमान के पुत्र हैं। वह पेशे से चिकित्सक हैं। कई अस्पतालों में सेवाएं देते हुए वह प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में उपनिदेशक के पद पर सेवारत रहे। लेकिन पिछले साल नवंबर माह में ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए उन्होंने विभाग में आवेदन कर दिया। जिसके बाद एक दिसंबर 2016 को प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें सेवानिवृत्त कर दिया। वहीं पार्टी संगठन ने भी दिसंबर माह में ही भोरंज में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें पार्टी की सदस्यता प्रदान की। उनके पिता पूर्व शिक्षा मंत्री रहे आईडी धीमान का राजनीतिक सफर वर्ष 1990 से शुरू हुआ। वह पेशे से एक शिक्षक रहे और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गुरु भी रहे। आईडी धीमान ने पहला चुनाव वर्ष 1990 में लड़ा। इसमें उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी धर्मसिंह को हराया। वर्ष 1993 में धीमान ने कांग्रेस प्रत्याशी नीरज कुमार, वर्ष 1998 में प्रेम कौशल, वर्ष 2003 में सुरेश कुमार, वर्ष 2008 में दोबारा सुरेश कुमार और वर्ष 2012 में कांग्रेस प्रत्याशी डा. रमेश डोगरा को हराया था। नवंबर 2016 में आईडी धीमान का निधन हो गया था।
धूमल व अनुराग का विस क्षेत्र भी है भोरंज
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व सांसद अनुराग ठाकुर के घर भी अब इसी विधानसभा क्षेत्र के तहत आते हैं। इस चुनाव में प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रचार किया था। जबकि कांग्रेस की तरफ से भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित सभी मंत्रियों व नेताओं ने प्रचार के लिए अपनी ताकत झोंकी थी। जबकि कांग्र्रेस में पहले टिकट किसी ओर को दी गई थी और बाद में यह टिकट प्रोमिला देवी को दी गई।
यह भी पढ़ें: शुरू हुआ चुनावी रण, मतदाता सूची जारी