हिमाचल भाजपा ने 2027 के लिए कसी कमर, 171 मंडलों में विस्तारकों को बड़ी जिम्मेदारी; आज चुनौतियों पर मंथन होगा
हिमाचल भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। हमीरपुर में विस्तारकों को ...और पढ़ें

हमीरपुर में प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत का स्वागत करते पार्टी नेता।
HighLights
भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू की।
हमीरपुर में विस्तारकों को जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण दिया गया।
केंद्र की योजनाएं और कांग्रेस की गारंटियां जनता तक पहुंचाएंगे।
जागरण टीम, शिमला/हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। हमीरपुर में शनिवार से शुरू हुए दो दिवसीय संगठनात्मक कार्यक्रम में विस्तारकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में इस बात पर जोर दिया कि किस तरह कार्यकर्ता आम लोगों तक पहुंचें और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं।
हमीरपुर जिला के टिप्पर में विस्तारक वर्ग में प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत, संगठन मंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने प्रथम सत्र में भाग लिया। दूसरे दिन प्रदेश भाजपा सह प्रभारी दर्शना सिंह रविवार सुबह टिप्पर पहुंचेंगी।
विस्तारक नियुक्ति की कार्ययोजना तैयार
इस दौरान 171 मंडलों में एक-एक विस्तारक नियुक्त करने की कार्ययोजना तैयार की गई। सत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा पर भी मंथन किया गया। भाजपा को बूथ स्तर पर किस तरह मजबूत करने के लिए भाजपा नेताओं ने प्रदेशभर से आए 350 पदाधिकारियों से अनुभव साझा किए। उन्होंने हर बूथ स्तर पर लोगों तक केंद्र की भाजपा सरकार की योजनाओं पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान संगठन के विस्तार के लिए युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। एक वर्ष में होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों का प्रारूप भी हमीरपुर में होने वाली प्रदेश पदाधिकारी बैठक में तैयार होगा।
गारंटियों पर सवाल
भाजपा विस्तारकों के माध्यम से प्रदेश सरकार की ओर से विधानसभा चुनाव के दौरान जनता को दी गई गारंटियों और उनके क्रियान्वयन से जुड़े सवालों को भी घर-घर तक ले जाने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव के दौरान किए कई वादे पूरे नहीं किए हैं। इसके अलावा सरकार के जिन फैसलों को भाजपा जनविरोधी मानती है, उन्हें भी जनता के बीच उठाया जाएगा। इन मुद्दों को किस तरीके और किस स्तर पर उठाना है, इसकी रणनीति पर प्रशिक्षण वर्ग में चर्चा की जा रही है।
आज चुनौतियों पर होगा मंथन
रविवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है। इसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित चुनौतियों पर पदाधिकारियों से फीडबैक ली जाएगी। बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और नए लोगों को पार्टी से जोड़ने के विषय पर भी चर्चा होगी।
