बिलासपुर में एम्स खुलने से मिलेगी उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा : भाजपा
बिलासपुर में एम्स निर्माण शुरू करवाने हेतु किये गए भूमि पूजन और निर्माण कार्य के लिए दो वर्ष का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए हमीरपुर की जिला भाजपा इकाई ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद व्यक्त किया है
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : बिलासपुर में एम्स निर्माण शुरू करवाने के लिए किये गए भूमि पूजन और निर्माण कार्य के लिए दो वर्ष का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए हमीरपुर की जिला भाजपा इकाई ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है और सांसद अनुराग ठाकुर का इस निर्माण कार्य को शुरू करवाने के लिए की गई कवायद के लिए आभार प्रकट किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, महामंत्री राकेश ठाकुर जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष आदर्श कांत, कमलनयन व राजकुमार वर्मा ने कहा कि बिलासपुर में एम्स खोलने के बाद लोगों को प्रदेश में ही उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लिए हजारों करोड़ के कई प्रोजेक्ट लाए हैं। हालांकि कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सरकार ने इन प्रोजेक्ट को धरातल पर लागू होने में अनेकों अड़ंगे लगाए रखे, लेकिन जब से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है तब से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर निरंतर विकास का पहिया पूरे प्रदेश में आगे बढ़ा रहे हैं।