हिमाचल में नशा तस्करी की सूचना पर जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर छोड़ा कुत्ता, हेड कॉन्स्टेबल को पेट में काटा
हिमाचल के हमीरपुर में नशा तस्करी की सूचना पर जांच करने गई पुलिस टीम पर कुत्ते से हमला करवाया गया। ...और पढ़ें

हमीरपुर में जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर कुत्ते ने हमला कर दिया। (फोटो एआई से बनाया गया है)
HighLights
नशा तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम जांच को पहुंची।
संदिग्धों ने पुलिस टीम पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया।
हेड कॉन्स्टेबल राम कृष्ण के पेट में कुत्ते ने काटा।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में रात के अंधेरे में संदिग्ध गाड़ी की तलाश करने पहुंची पुलिस टीम के सामने कुत्ते को छोड़ दिया। कुत्ते ने हेड कांस्टेबल राम कृष्ण पर हमला कर पेट में काट लिया। भोटा के अंतर्गत टियाले दा घाट में यह घटनाक्रम हुआ। पुलिस के अनुसार गाड़ी रोककर पूछताछ शुरू ही हुई थी कि पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति अचानक बाहर निकलकर कश्यप निवास की ओर भाग गया।
पुलिसकर्मी उसके पीछे पहुंचे तो वहां मौजूद दो महिलाओं और कुत्ते से सामना हो गया। आरोप है कि कुत्ते को पुलिस टीम की ओर ललकारा गया और उसने हेड कॉन्स्टेबल को काट लिया।
नशा तस्करी की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
घटना चार अक्टूबर रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। पुलिस टीम इलाके में अवैध शराब और मादक पदार्थों से जुड़े सुराग की तलाश में निकली थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घुमारवीं से हमीरपुर की तरफ आ रही एचपी 37एफ 2495 नंबर की गाड़ी में संदिग्ध सामान हो सकता है।
सूचना के बाद टीम ने वाहन को टियाले दा घाट से आगे कश्यप निवास के पास रोक लिया।
पुलिस के बयान के मुताबिक वाहन में बैठे लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी गई। इसी दौरान यह सारा घटनाक्रम हो गया।
पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
घायल पुलिसकर्मी के बयान पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मामले की तह तक जांच
अब जांच का केंद्र केवल कुत्ते के हमले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह भी खंगाला जाएगा कि संदिग्ध वाहन में कौन लोग सवार थे, पिछली सीट पर बैठा व्यक्ति पुलिस को देखते ही क्यों भागा और कश्यप निवास पहुंचने के बाद घटनाक्रम किस तरह कुत्ते के हमले तक पहुंचा।
