हमीरपुर में PG में रह रही छात्राओं से अश्लील हरकतें करता था अधेड़, वीडियो बनाकर पुलिस के पास पहुंची पीड़िताएं
हमीरपुर के एक पीजी में रहने वाली छात्राओं के साथ सामने वाले घर के एक अधेड़ व्यक्ति ने अश्लील हरकतें ...और पढ़ें

हमीरपुर में पीजी में रह रही छात्राओं से अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हमीरपुर पीजी में छात्राओं से अधेड़ व्यक्ति ने की छेड़छाड़।
छात्राओं ने आरोपी की अश्लील हरकतों का वीडियो बनाया।
मकान मालिक ने पुलिस को सूचित कर कार्रवाई की मांग की।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। पढ़ाई के लिए घर से दूर पीजी में रहने वाली छात्राएं भी सुरक्षित नहीं हैं। पीजी में ही उनके साथ छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं। समाज में फैल रही इस अनैतिकता ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। एक ऐसा ही मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर-10 में सामने आया है। यहां एक पीजी में रह रही छात्राओं से सामने वाले घर में रहने वाले अधेड़ व्यक्ति ने छेड़छाड़ की है।
यह व्यक्ति अकसर उन्हें देखकर अश्लील हरकतें करता था। पहले तो कुछ दिन तक छात्राएं चुप रहीं, लेकिन जब उक्त व्यक्ति अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो छात्राओं ने पुलिस में शिकायत दी।
छात्राओं ने बनाया वीडियो
छात्राएं हमीरपुर के एक संस्थान में पढ़ाई कर रही हैं। उनका कहना है कि आरोपित व्यक्ति आए दिन उन्हें देखकर अश्लील हरकतें करता था। हाल ही में जब फिर से ऐसी हरकतें की गईं तो छात्राओं ने उसका वीडियो बना लिया।
1100 नंबर पर शिकायत के बाद पुलिस को किया सूचित
इसके बाद मकान मालिक सुरजीत गौतम को इसकी जानकारी दी। मकान मालिक ने मामले की शिकायत 1100 नंबर पर की, इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सुरजीत गौतम ने बताया कि संबंधित व्यक्ति उनका पड़ोसी है और छात्राओं ने उसकी हरकत का वीडियो बनाया है। यदि पुलिस की ओर से जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले को उठाएंगे।
बड़ी संख्या में रहते हैं विद्यार्थी
हमीरपुर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई और रोजगार के लिए पीजी में रहते हैं। ऐसे में केवल पीजी के भीतर की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आसपास का वातावरण भी उनकी सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हो जाता है। ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
