विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटे की अर्थी उठने के बाद बुजुर्ग मां ने भी तोड़ा दम, हिमाचल के हमीरपुर में बेहद मार्मिक घटना; दीवाली पर मातम

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 09 Nov 2026 01:55 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 09 Nov 2026 02:14 PM (GMT+05:30)

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक मार्मिक घटना में, बेटे बलदेव सिंह की अचानक मौत के कुछ घंटों बाद ही मां कैरो देवी ने भी प्राण त्याग दिए।

85 वर्षीय कैरो देवी और 63 साल के बेटे बलदेव सिंह के फाइल फोटो

85 वर्षीय कैरो देवी और 63 साल के बेटे बलदेव सिंह के फाइल फोटो

HighLights

  1. बेटे बलदेव सिंह की मौत के सदमे में मां का निधन।

  2. दीवाली से ठीक पहले हमीरपुर के समोह गांव में मातम।

  3. एक ही दिन मां-बेटे का श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया।

संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक बेहद दर्दनाक घटना हुई है। दीवाली की खुशियां मनाने की तैयारियों के बीच समोह गांव का एक परिवार ऐसे गहरे सदमे में डूब गया, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की थी। बेटे की मौत के सदमे में मां ने भी प्राण त्याग दिए। शनिवार को पहले 63 वर्षीय बलदेव सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर और उसका शव देखकर 85 वर्षीय मां कैरो देवी इस कदर टूट गईं कि कुछ ही घंटों बाद उनकी भी सांसें थम गईं।

एक ही दिन मां-बेटे की मौत से टिक्कर राजपूता पंचायत के समोह गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों का अंतिम संस्कार भी एक ही दिन गांव के श्मशानघाट में किया गया। 

जलशक्ति विभाग से रिटायर्ड हुए थे बलदेव

बलदेव सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। स्वजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए बड़सर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। बलदेव सिंह जल शक्ति विभाग में कर्मचारी थे और सेवानिवृत्त हो चुके थे।

बेटे का शव देख बेसुध हुईं मां

बलदेव सिंह की मौत के बाद जब उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो मां कैरो देवी बेटे को देखकर बेसुध हो गईं। बेटे की मौत से वह लगातार रो रही थीं। इस बीच परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे।

बेटे की अर्थी उठते ही बिगड़ी तबीयत

बलदेव सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए श्मशानघाट ले जाया गया तो कुछ ही देर बाद कैरो देवी की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन बड़सर अस्पताल ले गए, जहां दोपहर करीब 12 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने कैरो देवी का भी अंतिम संस्कार किया। 

परिवार के दो सदस्यों की मौत से सदमे में 

दीवाली से ठीक पहले एक ही परिवार में कुछ घंटों के अंतराल पर हुई दो मौतों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। दो सदस्यों की मौत से परिवार सदमे में है। जिस घर में त्योहार की रौनक होनी थी, वहां एक साथ दो अर्थियां उठने से पूरे गांव में मातम छा गया।

बलदेव सिंह के दो बेटे हैं। छोटा बेटा घर पर ही रहता है, जबकि बड़ा बेटा अनिल कुमार बहरीन में नौकरी करता है। बलदेव सिंह के बड़े भाई जगरूप सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। 

पंचायत प्रतिनिधि बोले, पूरा गांव दुखी

पंचायत की वार्ड पंच सुदेश ने बताया कि एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरा गांव दुखी है। इस मुश्किल घड़ी में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। 

क्या बोले बेटे

मृतक के बेटे अनिल कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे उनके पिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद दादी ने भी प्राण त्याग दिए। शनिवार को गांव के श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। 

यह भी पढ़ें: दीवाली पर बच्चे कर रहे थे पिता का इंतजार, हादसे ने छीन ली खुशियां; नूरपुर के भदरोआ में कार सवार रौंदकर फरार 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।