मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में रैगिंग: 7 सीनियर छात्र जांच के दायरे में, दोषी पाए गए तो होगा निष्कासन
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र से रैगिंग की शिकायत के बाद जांच तेज हो गई है। ...और पढ़ें

हमीरपुर मेडिकल कॉलेज परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्र से रैगिंग की शिकायत।
द्वितीय वर्ष के 7 छात्र जांच के दायरे में, पूछताछ जारी।
दोषी पाए जाने पर निष्कासन सहित कड़ी कार्रवाई संभव।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र के साथ कथित रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत के बाद जांच तेज हो गई है। मामले में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के 7 छात्रों की भूमिका संदेह के घेरे में है। कथित घटना शनिवार को हुई थी। इसके बाद प्रथम वर्ष के छात्र ने मामले को लेकर शिकायत की।
बताया जा रहा है कि छात्र अन्य राज्य का निवासी है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, संस्थान को इस संबंध में ई-मेल के माध्यम से गुमनाम शिकायत प्राप्त हुई थी।
एंटी रैगिंग कमेटी के समक्ष पेश हुए छात्र
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक हुई। इस दौरान संदेह के दायरे में आए कुछ छात्रों को एक-एक कर कमेटी के समक्ष बुलाया गया। बंद कमरे में उनसे पूछताछ की गई और उनके बयान भी दर्ज किए गए।
कमेटी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कथित घटना कॉलेज परिसर, छात्रावास या बाहर किसी किराये के कमरे में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
हो सकता है निष्कासन : प्राचार्य
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि गुमनाम शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई है। एंटी रैगिंग कमेटी निष्पक्षता से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में कोई छात्र दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें कॉलेज से निष्कासन भी शामिल हो सकता है। फिलहाल जांच पूरी होने का इंतजार है।
