'लड़की गरीब है, इलाज के लिए पैसे चाहिए...' हमीरपुर में शादी करवाने के नाम पर 1.35 लाख रुपये की धोखाधड़ी
हमीरपुर में बेटे की शादी करवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

हमीरपुर में शादी कराने का झांसा देकर फ्रॉड।
HighLights
बेटे की शादी करवाने के नाम पर 1.35 लाख की ठगी
लड़की की मां के इलाज का झूठा बहाना बनाया गया
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। पुलिस थाना सदर हमीरपुर के तहत बेटे की सगाई और शादी करवाने के नाम पर 1.35 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है।
बुरनाड़ निवासी प्रेम चंद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाह-शादियों में पनयारी का काम करने वाले बलबीर सिंह निवासी मड़ियाणा, सीयालकड़ (मझीण), कांगड़ा ने उसके छोटे बेटे अशोक की शादी करवाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग बहानों से उससे पैसे मंगवाए।
शिकायत के अनुसार बलबीर ने प्रेम चंद को बताया कि उसके इलाके में तीन-चार लड़कियां हैं और वह उनमें से एक के साथ अशोक की शादी करवा देगा। शादी की बातचीत के लिए पैसे मांगे जाने पर प्रेम चंद के बड़े बेटे अश्वनी कुमार ने बलबीर के बताए प्रदीप ठाकुर के मोबाइल नंबर पर 20 हजार रुपये गूगल पे किए।
इसके बाद लड़की के परिवार को गरीब बताते हुए सगाई के कपड़े खरीदने के नाम पर भी 20 हजार रुपये भेजे गए। इसके बाद बलबीर ने लड़की वालों को घर लाने और सगाई व शादी की तारीख तय करने की बात कही।
परिवार उनके आने का इंतजार करता रहा, लेकिन बाद में बलबीर ने बताया कि जिस लड़की से सगाई होनी थी, उसकी मां पेड़ से गिरकर घायल हो गई है और उसे इलाज के लिए जालंधर ले जाना है शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद बलबीर के कहने पर इलाज के नाम पर अलग-अलग किश्तों में 10 हजार, 20 हजार, 30 हजार, 25 हजार और 10 हजार रुपये उसी मोबाइल नंबर पर गूगल पे किए गए।
इस तरह शादी और लड़की की मां के इलाज के नाम पर कुल 1.35 लाख रुपये दिए गए।बाद में प्रेम चंद ने इस संबंध में जानकारी जुटाई तो उसे कथित तौर पर पता चला कि लड़की की मां के पेड़ से गिरकर घायल होने और जालंधर में इलाज करवाने की बात सही नहीं थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बलबीर ने शादी करवाने और लड़की की मां के इलाज का बहाना बनाकर उससे पैसे लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों की जमीन की डिमार्केशन करवाएगी पुलिस, शिमला में कस दिया शिकंजा
