एक सप्ताह से गायब व्यक्ति का शव बरामद
उपमंडल सुजानपुर से सप्ताह भर पहले गायब हुए व्यक्ति का शव बरामद हुआ है।
संवाद सहयोगी, सुजानपुर : उपमंडल सुजानपुर से सप्ताह भर पहले गायब हुए व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मौके पर पहुंची सुजानपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री के अनुसार मृतक धर्मचंद निवासी हदों दी धार पंचयात जंदडू का रहने वाला था। वह पांच जून को अचानक घर से गायब हो गया। उसकी गुमशुदगी की सूचना छह जून को उसके भाई मोतीलाल ने थाने में दर्ज करवाई। पुलिस ने गुमशुदा व्यक्ति की फोटो संबंधित जानकारी निकटवर्ती सभी थानों में भेजी थी। शुक्रवार दोपहर को ग्राम पंचायत बैरी के पंप हाउस की मोटर के साथ एक शव दिखाई दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त के बाद पाया गया कि यह शव गायब हुए व्यक्ति धर्म चंद का है।
थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए विशेष टीम बुलाई जा रही है। उसके बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चलेगा।