भोलानाथ ने शास्त्रीय संगीत का करवाया अभ्यास
केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्पिक मैके कार्यक्रम के तहत नादौन में बुधवार को देश के जानेमाने शास्त्रीय गायक पंडित भोलानाथ मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति दी। उनके साथ तबला पर उस्ताद नवाब अली खान तथा हारमोनियम पर जाकिर हुस्सैन ने संगत की।
संवाद सहयोगी, नादौन : केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्पिक मैके कार्यक्रम के तहत नादौन में बुधवार को शास्त्रीय गायक पंडित भोलानाथ मिश्रा ने प्रस्तुति दी। उनके साथ तबला पर उस्ताद नवाब अली खान व हारमोनियम पर जाकिर हुस्सैन ने संगत की। भोलानाथ मिश्रा ने विभिन्न राग गाए तथा बच्चों को शास्त्रीय गायन का अभ्यास करवाया। उन्होंने शास्त्रीय संगीत के साथ ठुमरी प्रस्तुत की। उन्होंने माता-पिता को करो प्रणाम, शाम तेरी बांसुरी बजे धीरे-धीरे तथा रघुपति राघव राजा राम जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के शास्त्रीय संगीत से जुड़े घर में जन्मे बनारस घराने में संगीताचार्य पंडित सुखदेव महाराज की परंपरा को आगे बढ़ा रहे मिश्रा अलाप नामक एक एलबम सीरीज भी निकाल चुके हैं जोकि काफी प्रसिद्ध है। स्पिक मैक कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को शास्त्रीय संगीत बारे जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पूर्व भी कुछ स्कूलों में वह कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुके हैं। स्कूल पहुंचने पर प्राचार्या वीनीत परशिरा व स्टाफ ने मिश्रा व टीम का स्वागत किया। कार्यक्रम में सारेगामा अकादमी नादौन के निदेशक अजय डोगरा, पीके मेहता, मुकेश, नरेंद्र, जितेंद्र, अमित, नेहा, सीमा, मीनाक्षी, रेखा वर्मा मौजूद रहीं।