बंद कमरों तक सीमित होकर रह गयी है सुक्खू कांग्रेस: भाजपा
हमीरपुर में पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस बंद कमरों तक सीमित होकर रह गयी है।
हमीरपुर, जेएनएन। हिमाचल में कांग्रेस मात्र बंद कमरों तक सीमित होकर रह गयी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सिर्फ डींगे हांक रहे हैं। ये बात आज हमीरपुर में एक पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रवक्ता हमीरपुर संसदीय क्षेत्र दीपक शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि ऊना में हुए कांग्रेस सम्मेलन में मात्र 500 लोग जुटे। हालांकि कांग्रेस के हर ब्लॉक में सुक्खू ने लगभग 150 लोगों को पदाधिकारी बना रखा है।हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में इस हिसाब से कुल 20 ब्लॉक में ही 3000 पदाधिकारी हो जाते हैं।
अग्रणी संगठनों में नियुक्त पदाधिकारी अलग हैं। लेकिन ऊना में कांग्रेस सम्मेलन में मात्र 500 लोगों का पहुंचना ये दर्शाता है कि सुक्खू मात्र कागज़ी घोड़े दौड़ा रहे हैं। हालांकि लगभग दो दर्जन कांग्रेस नेता आगामी लोकसभा चुनावों में टिकट की चाह रखे हुए हैं और ऊना पहुंचे हुए थे लेकिन समर्थक नदारद थे।इससे साफ जाहिर होता है कि प्रदेश में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूर्वमुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को दरकिनार करके सुक्खू कांग्रेस में अगर दम है तो बंद कमरों से बाहर निकल कर खुले मंच में आयोजन करके शक्ति प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि भाजपा से मुकाबला करने की कांग्रेस सोच भी नहीं सकती क्योंकि कांग्रेस के नेता मात्र डींगे हांकने में माहिर हैं और धरातल पर शून्य।
दीपक शर्मा ने कहा कि आज कल सुक्खू चार्जशीट की बात करते हैं क्योंकि उनके कारनामों की चार्जशीट जांच के दायरे में है इसलिए सुक्खू ये शगूफा छोड़ कर बचना चाहते हैं और सौदेबाज़ी करके छुटकारा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू भूल जाएं। भाजपा सरकार सभी धांधलियों की निष्पक्ष जांच करके सच्चाई जनता के सामने लाएगी।