भाजपा सरकार योजनाओं को नहीं दे रही मंजूरी
पूर्व कांग्रेस सरकार में सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में करोड़ों रूपये की योजनाओं को ?भाजपा सरकार में अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है। कांग्रेस सरकार में रेफरल यूनिट बड़सर को सिविल
संजय गोस्वामी, बड़सर
पूर्व कांग्रेस सरकार के समय जो योजनाएं बड़सर के लिए आई थीं उन पर एक साल में सरकार ने काम नहीं किया है। क्षेत्र से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार में रेफरल यूनिट बड़सर को सिविल अस्पताल का दर्जा दिया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी को सीएचसी बनाया गया था। लेकिन भाजपा सरकार के एक साल में सिविल अस्पताल में न तो चिकित्सक हैं और न ही विशेषज्ञ। विधानसभा चुनाव के समय पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने आयुर्वेदिक अस्पताल बिझड़ी को 10 बिस्तर का किया था। लेकिन आज तक यहां भवन ही नहीं बना है। आयुर्वेदिक अस्पताल भवन के लिए पौने तीन करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत करवाया था। इसका निर्माण कार्य जारी है। हलके के लिए कई योजनाएं स्वीकृति के लिए भेजी गई थीं लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। दैनिक जागरण ने बड़सर के विधायक से एक साल में किए गए कार्यो के संबंध में बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश:
क्या आप एक साल के कार्यकाल से संतुष्ट हैं?
-भाजपा सरकार के एक वर्ष कार्यकाल से संतुष्ट नहीं हूं। सरकार बदले की भावना से विकास कार्यो को लटका रही है।
जो वादे किए थे कितने पूरे हुए?
-कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिझड़ी में अग्निशमन केंद्र खोलने की घोषणा के साथ अधिसूचना भी जारी की गई थी। लोगों की यह मांग पूरी कर दी है।
कोई बड़ी योजना जो मंजूर करवाई?
-कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कई बड़ी योजनाएं मंजूर करवाई, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में मंजूरी नहीं मिल रही है। अभी तक डीपीआर तक नहीं बन पाई है।
आम जनता से कब मिलते हैं?
-लगातार दूसरी बार जनता ने विधायक चुना है। इसलिए उनसे लगातार संपर्क में हूं। हर सुख-दु:ख में मेरी भागीदारी सुनिश्चित रहती है।
विधानसभा में क्षेत्र के कितने मुद्दे उठाए?
-बड़सर विधानसभा क्षेत्र के करीब 10 प्रमुख मुद्दे विधानसभा में उठाए हैं। इनमें सिविल अस्पताल बड़सर, सीएचसी बिझड़ी में चिकित्सकों की कमी, पेयजल समस्या व सड़कों की बदहाल स्थिति प्रमुख हैं।
खुद को 10 में से कितने नंबर देंगे?
-नंबर तो जनता देती है। मैं अपने क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यो से संतुष्ट हूं। जो कार्य पूर्व विधायक 15 वर्ष में नहीं करवा पाए वे मैंने छह वर्ष में पूरे कर दिए हैं।
-------------------
विधायक का एक वर्ष का कार्यकाल रहा निराशाजनक
संवाद सहयोगी, बड़सर : पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने कहा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल का एक वर्ष का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। विधायक विधानसभा में क्षेत्र के मुद्दों को उठाने में नाकाम रहे हैं और दोष भाजपा सरकार को दे रहे हैं। इतिहास गवाह है विपक्ष में विधायकों के काम होते हैं, लेकिन उनमें काबलियत होनी चाहिए। विधायक ने विधानसभा चुनाव में किया एक भी वादा पूरा नहीं किया है।
पूर्व कांग्रेस सरकार ने वोट हासिल करने के लिए बिना बजट कई घोषणाएं की थीं। बड़सर क्षेत्र का विकास मेरे 15 वर्ष के कार्यकाल में हुआ है। विधायक हलके के लिए एक भी योजना स्वीकृत नहीं करवा पाए हैं। वह झूठ बोलकर जनता को गुमराह करते रहे हैं। बड़सर अस्पताल को सिविल व बिझड़ी पीएचसी को सीएचसी का दर्जा देना ही काफी नहीं है। इसके लिए चिकित्सकों व बजट की व्यवस्था भी करनी चाहिए थी। पांच वर्ष तक विधायक कुछ नहीं कर पाए। विधानसभा चुनाव नजदीक आए तो झूठी घोषणाएं करके लोगों को गुमराह करना शुरू कर दिया। एक वर्ष के कार्यकाल में विधायक एक भी योजना शुरू नहीं करवा पाए हैं। वह बड़सर की किसी भी योजना व मुद्दे का खाका विधानसभा पटल पर नहीं रख पाए हैं। यदि उन्होंने ऐसा किया है तो श्वेत पत्र जारी करें। अगर उन्होंने विधानसभा में आवाज बुलंद की होती तो आज बड़सर विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में नहीं पिछड़ता।