विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM सुक्खू और सरकार के विरुद्ध टिप्पणी करने पर BJP विधायक आशीष शर्मा पर FIR, हमीरपुर में प्रदर्शन के बाद कार्रवाई

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 24 Sep 2026 02:07 PM (IST)Updated: Thu, 24 Sep 2026 02:33 PM (IST)

भाजपा विधायक आशीष शर्मा के खिलाफ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल प्रदेश सरकार के विरुद्ध बयानबाजी करने पर हमीरपुर में एफआईआर दर्ज की गई है।

हमीरपुर से भाजपा विधायक आशीष शर्मा। जागरण आर्काइव

हमीरपुर से भाजपा विधायक आशीष शर्मा। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. हमीरपुर में भाजपा विधायक आशीष शर्मा पर एफआईआर दर्ज हुई।

  2. सीएम सुक्खू और सरकार के खिलाफ बयानबाजी का आरोप लगा।

  3. एपीएमसी चेयरमैन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ भाजपा की रोष रैली में दिए गए बयानों को लेकर सदर विधायक आशीष शर्मा के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा की शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत में विधायक पर रैली के दौरान मुख्यमंत्री और सरकार को लेकर गंभीर आरोप लगाने का उल्लेख किया गया है।

सीएम की भूमि करोड़ों में सरकारी विभाग को बेचने का आरोप

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार को गांधी चौक हमीरपुर में भाजपा की ओर से प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष रैली और धरना-प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान विधायक आशीष शर्मा ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके परिवार से संबंधित निजी भूमि को सरकारी विभाग को करोड़ों रुपये में बेचे जाने का मुद्दा उठाते हुए सरकार से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने तथा विभिन्न नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए। इसी दौरान मुख्यमंत्री को लेकर भ्रष्टाचार से संबंधित आरोप भी लगाए गए। इन्हीं बयानों को आधार बनाकर एपीएमसी चेयरमैन अजय शर्मा ने पुलिस में शिकायत दी।

शिकायत के आधार पर मामला दर्ज

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर रैली के दौरान दिए गए बयानों और शिकायत में लगाए गए आरोपों से संबंधित तथ्यों व साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य नेता भी थे प्रदर्शन में

रैली में भोरंज की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी समेत भाजपा के जिला व मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान गांधी चौक पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

बयान से पुलिस जांच तक पहुंचा विवाद

विधायक के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद भाजपा और प्रदेश सरकार के बीच चल रहा राजनीतिक विवाद अब पुलिस जांच तक पहुंच गया है। मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों और सार्वजनिक मंच से दिए गए बयानों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें: शिमला में लापता पिता के बाद बेटी भी सतलुज में मृत मिली, आखिर गाड़ी से कैसे पहुंच गए नदी में?