51वें जन्मदिन पर अनुराग ठाकुर का हिमाचल सरकार पर सियासी हमला, बोले- कर्मचारियों और खिलाड़ियों को नहीं मिले हक
हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने 51वें जन्मदिन पर जनता का आभार जताया और हिमाचल सरकार पर कर्मचारियों व खिलाड़ियों को हक न देने का आरोप लगाया।

अनुराग ठाकुर को जन्मदिन पर मिठाई खिलाते विधायक इंद्रदत्त लखनपाल। जागरण
HighLights
अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर में अपना 51वां जन्मदिन मनाया।
हिमाचल सरकार पर कर्मचारियों, खिलाड़ियों को हक न देने का आरोप।
जन्मदिन पर जिला भाजपा ने महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
जागरण टीम, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर से लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को जन्मदिन मनाया। अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर की जनता का आभार जताया, जिन्होंने 5 बार जीताकर लोकसभा भेजा। उन्होंने कहा कि वह इसी तरह जनता की सेवा करते रहेंगे। हिमाचल की जनता का भी प्यार और आशीर्वाद के लिए आभार जताया। अनुराग 51 साल के हो गए हैं।
कर्मचारियों और खिलाड़ियों को हक नहीं मिला
अनुराग ठाकुर ने इस दौरान प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। अनुराग ने कहा कि हिमाचल प्रदेशर सरकार से कर्मचारियों और खिलाड़ियों को हक नहीं मिला। उन्होंने कर्मचारियों को 5 प्रतिशत डीए देने पर कहा कि चलो कुछ तो दिया।
इन नेताओं ने दी बधाई
हमीरपुर के गांधी चौक पर जन्मदिन समारोह में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बधाई देने पहुंचे। भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा और पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा हमीरपुर चौक पर नहीं पहुंचे।
जन्मदिन समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सांसद के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता और अन्य गण्यमान्य मौजूद रहे।
महिला खिलाड़ी सम्मानित
जिला भाजपा की ओर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खेलों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिला और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया गया।
