नादौन की पेयजल योजनाओं के लिए 45 करोड़ स्वीकृत
संवाद सहयोगी नादौन नादौन के विधायक सुखविदर सिंह सुक्खू ने जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह से नादौन
संवाद सहयोगी, नादौन : नादौन के विधायक सुखविदर सिंह सुक्खू ने जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह से नादौन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न पेयजल योजनाओं के विस्तार और सुधार के लिए 45 करोड़ 98 लाख 48 हजार की राशि स्वीकृत करवाई है। स्वीकृत राशि से नादौन विधानसभा क्षेत्र में 8842 पानी के निजी नलों की सुविधा दी जाएगी। यह राशि जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल के तहत खर्च की जाएगी।
इन योजनाओं में कोहला-कलूर पेयजल योजना के लिए 1.25 करोड़, पनियाला-रंगस 78 लाख 30 हजार, साईं-मटवार 3.80 करोड़, टिल्लू- जलाड़ी 1.75 करोड़, रैल के लिए 2.5 करोड़, जनसूह के लिए 1.26 करोड़, झलाण-बसारल 2.59 करोड़, अमलैहड़-भंवडां 4.25 करोड़, बलेटा कलां और खुर्द के अंतर्गत पेयजल योजना के लिए 1.21 करोड़ स्वीकृत करवाए हैं।
इसके साथ जल शक्ति विभाग के अंतर्गत आने वाली विभिन्न स्कीमों नियाटी-मजोट, टिल्लू-जलाड़ी, साई-मटवार, नौहंगी-भूंपल, घुमारटा के विस्तारीकरण के लिए 27 करोड़ 75 लाख की राशि स्वीकृत करवाई है। विधायक ने बताया कि यह स्वीकृत राशि नादौन विधानसभा के अंतर्गत आने वाले 572 छोटे-छोटे मोहल्ले और बस्तियां लाभान्वित होंगे।
जल शक्ति विभाग द्वारा हर घर के लिए पाइप द्वारा पेयजल पहुंचाने का प्रावधान किया जाएगा और इसके साथ-साथ अब इन क्षेत्रों में पानी की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। विभाग द्वारा स्वीकृति राशि मिलने के बाद यह राशि खर्च करने सभी कार्यों के टेंडर होंगे। विधायक ने जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह का आभार व्यक्त किया है।