कोरोना पॉजिटिव कांगड़ा निवासी की दिल्ली में मौत
उपमंडल जयसिंहपुर की आमलपुर पंचायत के 62 वर्षीय वृद्ध की सोमवार सुबह दिल्ली में कोरोना वायरस से मौत हो गई। बड़ी बात ये है कि व्यक्ति की मौत होने कुछ घंटे बाद पता चला कि वे कोरोना पॉजिटिव था। व्यक्ति की रिपोर्ट तक परिजनों को तब मिली जब शव को निजी एंबुलेंस से घर ला रहे थे और अभी रास्ते में ही थे। व्यक्ति की मौत की खबर जैसे ही कांगड़ा जिला प्रशासन को लगी तो प्रशासन ने शव घर नहीं लाने दिया और प्रशासनिक देखरेख में अंतिम संस्कार करवाया गया।
संवाद सहयोगी, जयसिंहपुर : उपमंडल जयसिंहपुर की आलमपुर पंचायत के 62 वर्षीय व्यक्ति की सोमवार सुबह दिल्ली में कोरोना वायरस से मौत हो गई। बड़ी बात यह है कि व्यक्ति की मौत के कुछ घंटे बाद ही पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव था। रिपोर्ट स्वजनों को उस समय मिली जब वे शव को निजी एंबुलेंस से घर ला रहे थे। इस बाबत सूचना मिलते ही प्रशासन ने शव घर नहीं लाने दिया और प्रशासनिक देखरेख में अंतिम संस्कार किया गया।
व्यक्ति कई वर्षो से दिल्ली में रहता था और विद्युत बोर्ड से सेवानिवृत्त हुआ था। पिछले कुछ समय से वह अस्वस्थ था और दिल्ली में इलाज किया जा रहा था। उनका बेटा लॉकडाउन के दौरान ही घर आया हुआ है। रविवार सुबह व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर पत्नी और बेटी उसे अस्पताल ले गई थी। अस्पताल में जांच के दौरान कोरोना सैंपल लिया गया था। सोमवार सुबह चार बजे व्यक्ति की दिल्ली में घर पर ही मौत हो गई। स्वजनों ने अंतिम संस्कार घर में ही करने का फैसला लिया। पत्नी व बेटी दिल्ली से निजी एंबुलेंस से शव घर ला रही थीं तो उन्हें रास्ते में फोन आया कि व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव है। इसके बाद दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने कांगड़ा प्रशासन को इस बाबत जानकारी दी। सोमवार दोपहर बाद व्यक्ति का अंतिम संस्कार प्रशासन की देखरेख में आलमपुर में ब्यास नदी के किनारे किया गया। अंतिम संस्कार एसडीएम जयसिंहपुर विक्रम महाजन, आलमपुर पंचायत के प्रधान मनोहर लाल, नायब तहसीलदार हंसराज, कानूनगो कुशल सिंह व लंबागांव पुलिस प्रभारी रूपलाल ठाकुर की निगरानी में हुआ। मुखाग्नि बेटे ने दी। एसडीएम ने बताया कि शव के साथ आई मां और बेटी को पालमपुर स्थित निजी होटल में क्वारंटाइन किया है। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि प्रशासन की देखरेख में अंतिम संस्कार किया गया है।