नटेहड़ में महिला, दैहण में युवक ने लगाया फंदा
पुलिस थाना कांगड़ा के तहत हलेडकलां के गांव नटेहड़ में एक विवाहिता महिला का पंखे से लटका शव बरामद हुआ है।
जागरण टीम, कांगड़ा/भवारना : पुलिस थाना कांगड़ा के तहत हलेडकलां पंचायत के गांव नटेहड़ में एक महिला ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने ससुराल पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस ने महिला के पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस थाना भवारना के तहत दैहण के ककरेड़ गांव निवासी सोनू कुमार ने आत्महत्या कर ली।
महिला की पहचान 30 वर्षीय शिम्पी देवी पत्नी अभिनाश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिम्पी का पति शनिवार सुबह ड्यूटी के लिए निकला था। इसके बाद शिम्पी अपने कमरे में थी, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे तक दरवाजा नहीं खोला तो शिम्पी की सास ने इसकी जानकारी बेटे अभिनाश को फोन पर दी। इस दौरान जब दरवाजा तोड़ा तो शिम्पी पंखे से लटकी थी। पुलिस को इसकी सूचना मायके वालों ने दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर ही शव को नीचे उतारा गया। कांगड़ा के थाना प्रभारी मेहर सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट नहीं मिला है। शिम्पी प्राइवेट अस्पताल में नर्स थी और करीब डेढ़ साल पहले ही अभिनाश से शादी हुई थी। कांगड़ा पुलिस उपाधिक्षक पूर्ण चंद ठुकराल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, 35 वर्षीय सोनू कुमार ड्राइवर था और बताया जा रहा है कि शराब का भी आदी था। उसने घर के पीछे लीची के पेड़ से फंदा लगा लिया। सुबह साढ़े ग्यारह बजे घर से लापता हो गया था। परिजन उसे सब जगह ढूंढते रहे, लेकिन कहीं नहीं मिला। इस दौरान वार्ड सदस्य राजेश कुमार सोनू के फोन पर कॉल करता हुआ लीची के बगीचे की तरफ गया तो फोन की ¨रग सुनाई दी, जब आगे जाकर देखा तो सोनू ने लीची के पेड़ से फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली थी। सोनू शादीशुदा था उसके दो बच्चे हैं। मामले की पुष्टि डीएसपी विकास धीमान ने की है।