श्री चामुंडा नंदीकेश्वर मंदिर में स्थापित होगा महादेव का धूना
प्राचीन शिव मंदिर जर्जर हो चुका था। अब नए सिरे से मंदिर बनाया जा रहा है। जिसका प्रारूप हमीरपुर के वास्तुकार संदीप ने तैयार किया है।
योल, जेएनएन। श्री चामुंडा शिव मंदिर परिसर में शिव परिवार व शिव गणों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा नंदीकेश्वर मंदिर परिसर में शिव धूना भी स्थापित किया जाएगा। पुराने शिव मंदिर को गिराकर अनुमानित 1.14 करोड़ रुपये से नया शिव मंदिर बनाया जा है। मंदिर का गुंबद 60 फुट ऊंचा बनाने की योजना है, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर के दर्शन दूर से ही जाएं। श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम का इतिहास बहुत प्राचीन रहा है।
मान्यता के अनुसार मां दुर्गा ने काली का रूप धारण कर चंड-मुंड राक्षसों का संहार किया था। उसी दौरान भगवान शिव ने दुर्गा मां का क्रोध यहां शांत किया था। अब भी शिव मंदिर एक विशालकाय चट्टान के नीचे स्थित है। इससे पूर्व यहां छोटा सा मंदिर होता था। एक शताब्दी पूर्व जदरांगल के गोस्वामी परिवार ने इस मंदिर की देखरेख का जिम्मा संभाला। वर्ष 2009-10 के दौरान मंदिर का अधिग्रहण हुआ। अब भी गोस्वामी परिवार के सदस्य पारीदार हैं। प्राचीन शिव मंदिर जर्जर हो चुका था। अब नए सिरे से मंदिर बनाया जा रहा है। विशालकाय चट्टान को टिकाए रखने के लिए राफ्टर फिटिंग की जी रही है जिसका प्रारूप हमीरपुर के वास्तुकार संदीप ने तैयार किया है।
वास्तु कला के नए स्वरूप में दिखेगा मंदिर
निर्माण के बाद शिव मंदिर वास्तुकला के नए रूप में दिखेगा। शिव मंदिर का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। मंदिर परिसर में अन्य प्रतिमाओं के साथ शिव धूना भी स्थापित किया जाएगा।
-जितेंद्र शर्मा, कनिष्ठ अभियंता श्री चामुंडा मंदिर।
अगले वर्ष तक कार्य पूरा होने का है लक्ष्य- शिव मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है। अगले वर्ष तक कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
-धर्मेश रामोत्रा एसडीएम एवं सहायक आयुक्त श्री चामुंडा मंदिर।