मुश्किल दौर में बढ़ जाती है हमारी जिम्मेदारी : शांता कुमार
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने पार्टी के पन्ना प्रमुख अभियान के तहत शनिवार को मंडल भाजपा पन्ना प्रमुखों से संवाद किया।
संवाद सहयोगी, पालमपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने पार्टी के पन्ना प्रमुख अभियान के तहत शनिवार को मंडल भाजपा पन्ना प्रमुखों से संवाद किया। कहा आपातकालीन दौर में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कोरोना वायरस में लॉकडाउन के दौरान कार्यकर्ताओं को आपस में तकलीफ साझा करने व जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने घरों से ही दूरभाष के माध्यम से अपने परिचितों से भी संवाद कायम रखने की बात कही।
कहा हिमाचल के लोग रोजगार के मामले में पूरे देश में हैं और अब मुश्किल की इस घड़ी में घर वापस आ रहे हैं। यह हमारे ही अपने लोग हैं। इनसे कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा जरूर बढ़ा है लेकिन उन्हें अपने घरों में न भेजकर क्वारंटाइन सेंटर में रखा जा रहा है। ऐसे में अन्य नागरिकों को चिता करने की जरूरत नहीं है। प्रदेश सरकार इस स्थिति से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
शांता कुमार ने कहा केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकारें सासीन हैं तो हमारी जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कोई भी गलत अफवाह अपने क्षेत्रों में फैलने न देने की अपील करते हुए सकारात्मक सोच तथा हालात में बदलाव का समझदारी से सामना करने की सीख दी। कहा जल्द ही सब पहले जैसा हो जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा उनकी वजह से आज कोरोना वायरस के बावजूद भारतवासी सुरक्षित हैं। केंद्र और प्रदेश सरकारें सभी का ख्याल रख रही हैं। देश की अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए प्रधानमंत्री ने 20 लाख करोड़ का आर्थिक पैकेज जारी किया है। इससे देश की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी तथा सभी को रोजगार व सुविधाएं प्रदान होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को घर से बाहर निकलने पर हमेशा मास्क लगाने व शारीरिक दूरी बनाए रखने पर की जरूरत पर बल देते हुए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं व आम लोगों को जागरूक करने की भी अपील की।