विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कलाकार कला से दें शांति का संदेश', दलाई लामा से मुलाकात के बाद बोले रिचर्ड गेयर; दुनिया के लिए हम सभी जिम्मेदार

By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 02 Nov 2026 03:43 PM (IST)Updated: Mon, 02 Nov 2026 03:48 PM (IST)

हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेयर ने धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में कहा कि हर व्यक्ति दुनिया के लिए जिम्मेदार है और ...और पढ़ें

धर्मशाला में तिब्बती धर्म गुरु से मिलने पहुंचे हॉलीवुड स्टार रिचर्ड गेयर।

धर्मशाला में तिब्बती धर्म गुरु से मिलने पहुंचे हॉलीवुड स्टार रिचर्ड गेयर।

HighLights

  1. रिचर्ड गेयर ने दुनिया के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी पर जोर दिया।

  2. कलाकारों को कला से शांति का संदेश देने का आह्वान किया।

  3. दलाई लामा से मुलाकात कर विश्व शांति पर चर्चा की।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेयर ने कहा कि जिस दुनिया में हम रहते हैं, उसके लिए हममें से हर व्यक्ति जिम्मेदार है। संगीतकार, कवि, लेखक, अभिनेता और नर्तक किसी संस्कृति के हृदय की आवाज होते हैं। कलाकारों की अभिव्यक्ति का पूरी तरह राजनीतिक होना जरूरी नहीं, लेकिन उसमें उनके हृदय की शुद्धता होनी चाहिए।

रिचर्ड गेयर धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के चौथे दिन तिब्बतन चिल्ड्रन विलेज में बौद्ध दर्शन के विद्वान गेशे ल्हाकदोर के साथ विश्व शांति के लिए मानवीय दृष्टिकोण विषय पर संवाद में बोल रहे थे। इससे पहले रिचर्ड गेयर ने तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा से भी मुलाकात की।

फिल्मकार का विश्व शांति में योगदान

संवाद में विश्व शांति स्थापित करने, उत्पीड़न समाप्त करने और करुणा को व्यक्तिगत विचारों एवं व्यवहार का आधार बनाने की जरूरत पर चर्चा हुई। दर्शकों ने भी सवाल पूछे। उन्होंने जानना चाहा कि स्थापित और नए फिल्मकार अपनी कला से विश्व शांति में किस तरह योगदान दे सकते हैं।

फीचर फिल्म रहमत रही आकर्षण

महोत्सव में निर्देशक गुरविंदर सिंह की फीचर फिल्म रहमत प्रमुख आकर्षण रही। इसमें नसीरुद्दीन शाह ने अभिनय किया है। फिल्म में पंजाब की समकालीन सामाजिक परिस्थितियों को राजनीतिक हिंसा, नशे की समस्या, विभाजन की त्रासदी और अपनों को खोने के दर्द से जुड़ी कहानियों के जरिए दिखाया गया। 

डिफ इन द एज आफ एआइ विषय पर प्रत्युष पराशरमन के संचालन में पैनल चर्चा हुई। इसमें आस्था टिकू, दिबाकर बनर्जी, डान पलाथारा, निखिल आडवाणी और परमिता वोरा शामिल रहे।

दिबाकर बनर्जी ने फिल्म निर्माण में एआइ के इस्तेमाल को भविष्य की अनिवार्यता बताया और फिल्म आधारित एआइ स्टार्टअप में अपने निवेश का भी जिक्र किया। दर्शकों ने सवालों के जरिए चर्चा में भाग लिया।

फ्रांस की एनिमेटेड फिल्म आर्को दिखाई

तीसरे दिन फ्रांस की एनिमेटेड फिल्म आर्को भी दिखाई गई। उगो बिएनवेन्यू के निर्देशन में बनी यह फिल्म दोस्ती की ताकत और घर की तलाश पर केंद्रित है। नार्वे की निर्देशक माजा होलैंड की डाक्यूमेंट्री हेक्स का भारत में पहली बार प्रदर्शन हुआ। इसमें नार्वे के ब्लैक मेटल संगीत जगत की पृष्ठभूमि में पितृसत्ता, स्त्रीद्वेष, कलात्मक स्वतंत्रता और एकजुटता के विषय दिखाए गए। उस्ताद बंटू, शैडोबाक्स और कूल लेडीज क्लब की स्क्रीनिंग भी हुई। 

बर्ड्स इन द डार्क का भारत में पहली बार प्रदर्शन

निर्देशक शशांक वालिया की पहली फीचर फिल्म बर्ड्स इन द डार्क के भारत में पहली बार प्रदर्शन के साथ महोत्सव का समापन हुआ। ब्लैक एंड व्हाइट शैली में बनी फिल्म की स्क्रीनिंग हाउसफुल रही। इसमें कश्मीर और निर्देशक के गृह राज्य पंजाब का साझा इतिहास दिखाया गया।

हुआ विशेष संवाद

डिफशाला के तहत वरुण ग्रोवर के साथ विशेष संवाद भी हुआ। उन्होंने फिल्म लेखन के अपने दर्शन, रचनात्मक प्रक्रिया और फिल्मकार के सफर में आई चुनौतियों पर बात की। फ्लाइज, डाक्यूमेंट्री बेबी जैकफ्रूट बेबी गुआवा, फीचर फिल्म गाड़ी और फीचर फिल्म मेमोरीज ऑफ अ प्राब्लमैटिक फैमिली फिल्मों को भी महोत्सव में दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।