बारिश का कहर: बरोहल में पांच कमरों का मकान जमींदोज
पंचायत उपप्रधान वेद प्रकाश ने बताया कि मकान गिरा है और इस बाबत सूचना मालिक को दे दी है।
पंचरुखी, जेएनएन। क्षेत्र में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को बरोहल गांव में पांच कमरों का स्लेटपोश मकान गिर गया। मकान में कोई नहीं रहता था और इस कारण जानी नुकसान नहीं हुआ है। बरोहल निवासी बाबू राम परिवार सहित दिल्ली में रहते हैं। उनके पुश्तैनी मकान में कोई नहीं रहता है।
मंगलवार देर सायं बारिश के कारण स्लेटपोश मकान गिर गया। मकान गिरने की जानकारी पड़ोसी सन्नी ने बाबू राम को दे दी है। राजस्व विभाग की ओर से बाबू राम के घर आने के बाद ही नुकसान का आंकलन किया जाएगा। पंचायत उपप्रधान वेद प्रकाश ने बताया कि मकान गिरा है और इस बाबत सूचना मालिक को दे दी है।
एयर इंडिया की प्रात:कालीन सेवा प्रभावित
खराब मौसम के कारण एयर इंडिया का प्रात:कालीन विमान दिल्ली से कांगड़ा एयरपोर्ट नहीं आया। एयरपोर्ट के निदेशक सोनम नुरबू ने बताया कि बाकी की विमान सेवाएं सुचारू रहीं। उन्होंने बताया कि सुबह दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दोपहर वाली विमान सेवा से भेजा गया।
पीरसलूही में पेड़ गिरा, महिला डॉक्टर घायल सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्र रक्कड़ में कार्यरत डॉक्टर सोनाक्षी शर्मा निवासी सुहीं पेड़ की चपेट में आने से घायल हो गई है। नादौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर को टांडा हॉस्पिटल रेफर कर दिया है। डॉ. सोनाक्षी शर्मा बुधवार को प्रतिनियुक्ति पर पीरसलूही में ड्यूटी के लिए गई थी। सायं करीब चार बजे जब वह लौट रही थी तो रास्ते में जामुन के पेड़ की टहनी गिरने से उसकी चपेट में आने से घायल हो गई। हादसे में सिर तथा रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। पीरसलूही पंचायत प्रधान वीरेंद्र राणा ने बताया कि अस्पताल स्टाफ व अन्य लोगों ने प्राइवेट वाहन से डॉक्टर को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया और यहां से टांडा रेफर कर दिया है।