मीलवां ठाकुरद्वारा मार्ग पर 825 ग्राम चूरा पोस्त के साथ महिला गिरफ्तार, नशे के कारोबार बढ़ रही भागीदारी
Police Arrest Women with Drugs पुलिस अधीक्षक एसपी कांगड़ा की ओर से नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत नशा कारोबारियों पर पुलिस ने नकेल कस दी है।
डमटाल, जेएनएन। पुलिस अधीक्षक एसपी कांगड़ा की ओर से नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत नशा कारोबारियों पर पुलिस ने नकेल कस दी है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोग बाज नहीं आ रहे हैं। इस कारोबार में महिलाओं की भागीदारी भी पूरी है और अधिकतर महिलाएं ही इस कारोबार को अंजाम दे रही हैं। पुलिस थाना इंदौरा की ठाकुरद्वारा चौकी के तहत बुधवार को एक महिला को नशे की खेप के साथ दबोचा है।
पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के एएसआइ सरताज सिंह की अगुवाई में टीम ने मीलवां से ठाकुरद्वारा मार्ग पर नाका लगाया हुआ था, इस दौरान पैदल आ रही एक महिला सामने पुलिस टीम को देख कर घबरा गई। पुलिस को देखते ही वह वापस मुड़कर तेजी से भागने लगी। पुलिस ने शक के आधार पर उसे पकड़ लिया व हाथ में पकड़े बैग की तलाशी ली। पुलिस टीम को बैग से 825 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
महिला की पहचान 50 वर्षीय अक्की देवी पत्नी बिल्ला निवासी मीलवां के रूप में हुई है। डीएसपी नूरपुर डॉक्टर साहिल अरोड़ा ने बताया महिला को पकड़ कर मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।