पौत्र दामाद ने किया दुष्कर्म, आरोपित 19 तक रिमांड पर
अशोक कुमार ने पीड़िता को घर में अकेली पाकर दुष्कर्म किया और किसी को न बताने की धमकी भी दे डाली।
भवारना, जेएनएन। पति की मौत के सदमे में डूबी वृद्धा से रिश्ते में पौत्र दामाद ने दुष्कर्म कर रिश्तों को तार-तार कर दिया है। घटना धीरा उपमंडल के एक गांव की है। भवारना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपित अशोक कुमार (58) को गिरफ्तार कर लिया है। मामला एक सप्ताह पहले का है। पीड़िता के पति की मौत पिछले साल अक्टूबर में हुई थी। नि:संतान होने के कारण वह घर में अकेली ही रहती थी।
आरोपित अशोक कुमार सास-ससुर की मौत के बाद ससुराल में ही रहता था। आरोपित के दो बेटे हैं और एक की शादी भी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, अशोक कुमार ने पीड़िता को घर में अकेली पाकर दुष्कर्म किया और किसी को न बताने की धमकी भी दे डाली। लोकलाज के डर से पीड़िता ने किसी को कुछ नहीं बताया। आरोपित ने शुक्रवार को जब दोबारा दुष्कर्म किया तो पीड़िता ने इस बाबत जानकारी गांव की महिलाओं को दी। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने आरोपित को शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपित को शनिवार को मेडिकल करवाकर न्यायालय में पेश किया और यहां से उसे 19 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।