फाग मेला शुरू, वीरभद्र ने किया देवताओं का स्वागत
मौसम खराब होने के बावजूद फाग मेले की रौनक में कोई कमी नहीं आई। मेला कमेटी द्वारा इस बार रामपुर व दूरदराज क्षेत्र से 16 देवीदेवताओं को निमंत्रण दिया है।
संजय भागड़ा, रामपुर बुशहर। रामपुर में रविवार से तीन दिवसीय जिलास्तरीय फाग मेले का आरंभ दरबार परिसर में किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने परिवार सहित दरबार परिसर में फाग लेने में शिरकत करने पहुंचे देवी-देवताओं का स्वागत पूजा-अर्चना कर किया। रविवार दोपहर बाद देवी-देवताओं का दरबार परिसर में पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो गया। दरबार परिसर में नगर परिषद अध्यक्ष मीना कुमारी, उपाध्यक्ष दीपक सूद, कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी और अन्य पार्षदों ने देवी देवताओं का स्वागत किया। स्वागत के बाद देवीदेवताओं ने अपने-अपने स्थानों में बैठ कर लोगों को आशीर्वाद दिया।
मौसम खराब होने के बावजूद फाग मेले की रौनक में कोई कमी नहीं आई। मेला कमेटी द्वारा इस बार रामपुर व दूरदराज क्षेत्र से 16 देवीदेवताओं को निमंत्रण दिया है। इनमें से अधिकतर देवी-देवता दोपहर तीन बजे तक दरबार परिसर में विराजमान हो गए। देवी-देवताओं के साथ भारी संख्या में देवलू भी पहुंचे हैं। मेला कमेटी द्वारा सभी देवी-देवताओं के रात्रि विश्राम के लिए जगह सुनिश्चित कर दी है। सोमवार को मेले में पहुंचे सभी देवीदेवता मुख्य बाजार में फेरी लगाकर लोगों को आशीर्वाद देंगे।
70 साल बाद फाग मेले में पहुंचे चतुर्मुख देव
कोटगढ़ क्षेत्र के आराध्य देवता श्री चतुर्मुख इस वर्ष रामपुर बुशहर में होने वाले फाग मेला के लिए रविवार को लाव लश्कर के साथ चले। जगह-जगह देवता के दर्शन के लिए लोग देवता के लिए उमड़े। आराध्य देवता साहब चतुर्मुख करीब 70 वर्ष बाद फाग मेले में शरीक हुए। कोटगढ़ कुमारसैन सांगरी क्षेत्र से एकमात्र देवता श्री चतुर्मुख मेले में शिरकत करने पहुंचे। जहा हजारों देवालु के साथ देवता 70 वर्षो के बाद एतिहासिक गवाह बने, जिससे समूचे क्षेत्र में खुशी की है। लोग दूर-दूर से इस पल के लिए देवता साहब के साथ मेले के लिए पहुंचे। जानकारी देते हुए देवालु मुकेश ठाकुर अमन ठाकुर रमेश शर्मा सचिन ठाकुर ने बताया कि इस एतिहासिक पल के लिए देवता साहब अपने मंदिर से प्रात निकले, जिनके साथ हजारों देवालु फाग मेले में पहुंचे। मेले में देवता साहब चार दिन तक रहेंगे, इसके बाद वह बुधवार को अपने मंदिर मैलन पहुचेंगे।