विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दलाई लामा के पुनर्जन्म का चीन को कोई अधिकार नहीं', तिब्बत सरकार के PM पेंपा सेरिंग ने ड्रेगन को लगाई फटकार

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:30 PM (GMT+05:30)

निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रधानमंत्री पेंपा सेरिंग ने दलाई लामा के पुनर्जन्म को मान्यता देने के चीन के अधिकार को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह अधिकार गदेन फोद्रंग ट्रस्ट का है और चीन की नीतियों पर चिंता जताई।

निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रधानमंत्री पेंपा सेरिंग (जागरण आर्काइव)

निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रधानमंत्री पेंपा सेरिंग (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. दलाई लामा के पुनर्जन्म पर चीन का दावा खारिज

  2. पेंपा सेरिंग ने गदेन फोद्रंग ट्रस्ट का अधिकार बताया

  3. तिब्बत में मानवाधिकारों, स्वतंत्रता पर जताई गंभीर चिंता

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रधानमंत्री पेंपा सेरिंग ने कहा कि दलाई लामा के पुनर्जन्म की पहचान और मान्यता देने का चीन सरकार को कोई धार्मिक या आध्यात्मिक अधिकार नहीं है।

ओटावा में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह अधिकार गदेन फोद्रंग ट्रस्ट का बताया। कनाडाई सांसद जेम्स मैलोनी ने भी ट्रस्ट के अधिकार का समर्थन किया।

सीटीए के अनुसार, कनाडा की संसद की प्रेस गैलरी में आप्टिमम पब्लिशिंग इंटरनेशनल के कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष डीन बैक्सेंडेल, ‘तिब्बत कभी चीन का हिस्सा नहीं था’ पुस्तक के लेखक प्रो. आन-शियांग लाउ, चीन मामलों के विशेषज्ञ और कनाडा सरकार के पूर्व अधिकारी डॉ. चार्ल्स बर्टन, पत्रकार तथा तिब्बती समुदाय के सदस्य शामिल हुए।

पेंपा सेरिंग ने चीन की बेल्ट एंड रोड पहल और वैश्विक विकास, सुरक्षा, सभ्यता व शासन से जुड़ी पहलों के जरिए उसके बढ़ते प्रभाव को लेकर पश्चिमी देशों को सतर्क किया।

उन्होंने तिब्बत, मंगोलिया और पूर्वी तुर्किस्तान में चीन की नीतियों तथा तिब्बत में मानवाधिकारों और स्वतंत्रता की स्थिति पर चिंता जताई। फ्रीडम हाउस की रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्होंने तिब्बत को दुनिया के सबसे कम स्वतंत्र क्षेत्रों में से एक बताया।

900 साल पुरानी है मान्यता

उन्होंने कहा कि तिब्बती बौद्ध धर्म में पुनर्जन्म की परंपरा 900 वर्ष से अधिक पुरानी है और धार्मिक विश्वासों पर आधारित है। उनके मुताबिक, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी को इस प्रक्रिया में वैध धार्मिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने चीन के 2007 के उन नियमों पर सवाल उठाए, जिनमें पुनर्जन्म, गोल्डन अर्न प्रक्रिया और सरकारी मंजूरी की शर्तें हैं। दलाई लामा स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका भावी पुनर्जन्म स्वतंत्र देश में होगा।

तिब्बतियों को डराने के मामलों में जताई चिंता

प्रो. लाउ ने ऐतिहासिक दस्तावेजों के आधार पर तिब्बत पर चीन के शासन संबंधी दावों को चुनौती दी। डॉ. बर्टन ने चीन के जातीय एकता और प्रगति संबंधी कानून की आलोचना की।

बैक्सेंडेल ने चीन में जबरन श्रम, सांस्कृतिक दमन और कनाडा में तिब्बतियों को डराने के मामलों पर चिंता जताई। पॉर्लियामेंट्री फ्रेंड्स आफ तिब्बत के अध्यक्ष मैलोनी ने कहा कि पुनर्जन्म को मान्यता देने का अधिकार गदेन फोद्रंग ट्रस्ट के अधिकृत अधिकारियों के पास है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।