नशा तस्करी से मां और बेटा-बेटी ने जुटा ली करोड़ों की प्रॉपर्टी, नूरपुर पुलिस ने की कार्रवाई; आवास व गाड़ी जब्त
नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मां, बेटे और बेटी की 1.01 करोड़ रुपये की तीन संपत्तियां जब्त की हैं।

नूरपुर पुलिस की ओर से नशा तस्कर की संपत्ति पर की गई कार्रवाई।
HighLights
नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों की 1.01 करोड़ की संपत्ति जब्त की।
मां, बेटे और बेटी की आवासीय संपत्ति व कार फ्रीज की गई।
हिमाचल पुलिस ने अब तक 31 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की।
जागरण टीम, नूरपुर/भदरोआ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने का अभियान शुरू किया है। नूरपुर पुलिस ने मां और बेटा-बेटी की एक करोड़ एक लाख 55 हजार 718 रुपये मूल्य की तीन संपत्तियों को फ्रीज किया है। दलवीरो पत्नी स्वर्गीय अजय कुमार की 61.96 लाख रुपये की आवासीय संपत्ति, मिथुन उर्फ छप्पर पुत्र स्वर्गीय अजय कुमार की 32.60 लाख रुपये की आवासीय संपत्ति व घरेलू सामान तथा घारो देवी पुत्री स्वर्गीय अजय कुमार की 6.98 लाख रुपये मूल्य की कार शामिल है।
अब तक 31 करोड़ की संपत्तियां जब्त
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। पुलिस जिला नूरपुर अब तक नशा तस्करों की कुल 31 करोड़ 71 लाख 61 हजार 429 रुपये मूल्य की संपत्तियां सक्षम प्राधिकारी की पुष्टि के बाद फ्रीज करवा चुका है।
2017 में दर्ज हुआ था मामला
पुलिस थाना इंदौरा में 30 मई 2017 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार इस मामले में दलवीरो के कब्जे से 6.50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने 1 अप्रैल 2025 को दलवीरो को दोषसिद्ध कर 10 वर्ष के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
दोषसिद्धि के बाद नूरपुर पुलिस ने संबंधित संपत्तियों की वित्तीय जांच की। इसमें संपत्तियों के स्वामित्व, निर्माण, मूल्यांकन और उन्हें अर्जित करने के वैध स्रोतों की पड़ताल की गई। जांच के आधार पर पुलिस थाना इंदौरा ने 28 सितंबर 2026 को फ्रीजिंग आदेश पारित किया।
वित्तीय जांच रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद सक्षम प्राधिकारी ने 26 अक्टूबर 2026 को आदेश पारित कर पुलिस की कार्रवाई की पुष्टि कर दी। इसके साथ ही तीनों संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश को कानूनी मंजूरी मिल गई।
