धर्मशाला में खुलेगा मिड हिमालय प्रोजेक्ट मुख्यालय
नगरोटा बगवां हलके के बड़ोह में मंगलवार को जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिला को बड़े तो मंडी को छोटे भाई की संज्ञा दी।
नगरोटा बगवां, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि मिड हिमालय प्रोजेक्ट का मुख्यालय धर्मशाला में खुलेगा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में कांगड़ा व मंडी जिलों का अहम योगदान है।
नगरोटा बगवां हलके के बड़ोह में मंगलवार को जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिला को बड़े तो मंडी को छोटे भाई की संज्ञा दी। बकौल जयराम ठाकुर, प्रदेश के लिए स्वीकृत 69 राष्ट्रीय राजमार्ग की डीपीआर 31 मार्च से पूर्व बनाने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में जल्द 100 डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। प्रदेश को भ्रष्टाचारमुक्त बनाना ही उद्देश्य है। प्रदेश में बिना बजट के खोले गए संस्थानों की समीक्षा की जाएगी और बाद में इस बाबत फैसला लिया जाएगा। प्रदेश का सीएम बनना कभी सपने में भी नहीं सोचा था, इसलिये मात्र पार्टी हित में समर्पित भावना से कार्य किया है। इससे पहले उन्होंने नगरोटा बगवां में केन्द्र पोषित एकीकृत विद्युत विकास योजना का लोकार्पण किया। केंद्र पोषित 110 करोड़ रुपये की लागत की यह योजना 54 शहरों को विद्युत आपूर्ति प्रदान करेगी। योजना का 90 फीसद खर्च केंद्र सरकार व 10 प्रतिशत व्यय राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने बाबा बड़ोह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करने की घोषणा की।
इस मौके पर खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, स्वास्थ्य मंत्री विपन परमार, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर, विधायक रमेश धवाला, पूर्व विधायक दूलो राम, चौधरी राम चंद भाटिया, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान, प्रदेश बास्केटबॉल कमेटी के अध्यक्ष मनीष शर्मा, मंडल अध्यक्ष डॉ. नरेश वरमानी व महामंत्री अमित शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। विधायक अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें: खास मुलाकात: हिमाचल के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से