आम नहीं, कुछ खास है यह अंडा
आम मुर्गियों के मुकाबले में कड़कनाथ मुर्गी का अंडा भी पौष्टिकता से भरपूर है।
जागरण संवाददाता, पालमपुर : आम मुर्गियों के मुकाबले में कड़कनाथ मुर्गी का अंडा पौष्टिकता से भरपूर है। इस प्रजाति के मुर्गे व मुर्गियां मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अधिकतर पाए जाते हैं, लेकिन अब हिमाचल में भी इनकी प्रजाति को तैयार किया गया है। इस प्रजाति की मुर्गियों के अंडों में खास बात यह है कि सफेद मुर्गी के मुकाबले में कड़कनाथ मुर्गी के अंडे कई गुना पौष्टिक होते हैं। इसमें आयरन काफी अधिक होता है और फैट एकदम कम।
कड़कनाथ मुर्गी के अंडे के सेवन से शरीर को विटामिन बी-1, बी-2, बी-6, कैल्शियम और फास्फोरस मिलता है। पहले लोगों को इन मुर्गियों के अंडों की खासियत के बारे में पता नहीं था, लेकिन जब इन अंडों की पौष्टिकता के बारे में पता चला तो इनकी मांग बढ़ी है। कर्फ्यू के दौरान जब लोगों को मुर्गी के अंडों की पौष्टिकता के बारे में जागरूक किया गया तो इनकी मांग बढ़ी है। लोगों के अग्रिम आर्डर भी आ रहे हैं। 25 रुपये में मिल रहा कड़कनाथ मुर्गी का एक अंडा
जहां आम मुर्गी का एक अंडा बाजार में साढ़े चार से पांच रुपये में बिकता है तो कड़कनाथ मुर्गी का 25 रुपये में बिक रहा है। प्रतिदिन करीब डेढ़ सौ अंडे बाजार में बिक रहे हैं। हालांकि इन अंडों की खपत इस समय घर तक ही है। पूर्व सैनिक देविद्र सिह ने बीड़ में कड़कनाथ मुर्गियों को पाला है। अब देविद्र ने अंडों को बेचना शुरू किया है। लोगों को इसकी पौष्टिकता का पता चलने पर इन अंडों की मांग बढ़ी है। हिमाचल में कड़कनाथ प्रजाति को सफलतापूर्वक तैयार किया गया है। इस प्रजाति का अंडा पौष्टिकता से भरपूर है।
डॉ. यशपाल ठाकुर, प्रसार शिक्षा निदेशक, कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर।