हिमाचल की कांगड़ा और नूरपुर पुलिस ने पकड़े तीन चिट्टा तस्कर, कार और बाइक भी कब्जे में ली
कांगड़ा और नूरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 22.68 ग्राम चिट्टा बरामद ...और पढ़ें

कांगड़ा और नूरपुर पुलिस ने तीन चिट्टा तस्कर पकड़े हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कांगड़ा-नूरपुर पुलिस ने 22.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
दो अलग-अलग मामलों में तीन युवक गिरफ्तार हुए।
नशे के कारोबार में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए गए।
जागरण टीम, नूरपुर/कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा और नूरपुर जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में 22.68 ग्राम चिट्टा बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं।
छतरोली में पकड़ा पठानकोट का युवक
पहले मामले में पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए विंग ने छतरोली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 16.02 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अजय कुमार निवासी हरियाल, तहसील एवं जिला पठानकोट, पंजाब के रूप में हुई है।
क्या कहना है एएसपी नूरपुर का
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि मंगलवार को सीआईए टीम नशे के अवैध कारोबार की रोकथाम और गश्त के लिए क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अजय कुमार मोटरसाइकिल पर छतरोली खड्ड में एक निजी स्कूल के पास चिट्टा लेकर मौजूद है और इसे छतरोली व जसूर क्षेत्र में बेचने की फिराक में है।
हुलिये के आधार पर काबू किया
पुलिस ने बताए गए हुलिये के आधार पर युवक को मोटरसाइकिल समेत काबू कर लिया। इसके बाद मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के डैशबोर्ड के अंदर छिपाकर रखी पारदर्शी पालीथीन की पुड़िया बरामद हुई। जांच में इसमें चिट्टा होने के संकेत मिले। डिजिटल तराजू से वजन करने पर बरामद मादक पदार्थ की मात्रा 16.02 ग्राम पाई गई।
पुलिस ने चिट्टा और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी अजय कुमार को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में नशे की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए आगामी जांच कर रही है।
कांगड़ा बाईपास पर पकड़े कार सवार
वहीं, कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने भी नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हनुमान घाट, कांगड़ा बाईपास पर एक आल्टो कार से 6.66 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बुधवार को सीआईए टीम हनुमान घाट, कांगड़ा बाईपास पर गश्त, नाकाबंदी और चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक आल्टो कार को जांच के लिए रोका गया।
धर्मशाला निवासी दो युवक गिरफ्तार
कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दोनों युवकों के कब्जे से 6.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में अमन राणा (31) व पार्थ शर्मा (20) दोनों निवासी गांव व डाकघर टंग नरवाना, तहसील धर्मशाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ अपराध में इस्तेमाल की जा रही आल्टो कार को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस दोनों मामलों में यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों के पास नशीला पदार्थ कहां से पहुंचा और इसके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
