हिमाचल में भारी बर्फबारी की चेतावनी, भूलकर न जाएं इन स्थानों पर
snowfall warning in Himachal. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों में बारिश और भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन तक कई स्थानों में बारिश व भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान प्रदेश के मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि, मध्य इलाके में बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद प्रदेश सरकार ने भी अलर्ट जारी कर दिया है।
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने को लेकर सावधान किया है। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ शिमला द्वारा जारी चेतावनी में कहा गया है कि मौसम विभाग ने सात जनवरी तक प्रदेश के कई इलाकों में भारी बर्फबारी व बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में पर्यटक पहाड़ी भागों में जाने से परहेज रखें।
शुक्रवार सुबह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं तथा तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
इन जिलों में हो सकती है भारी बर्फबारी
हिमाचल में चार से सात जनवरी तक किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और कांगड़ा के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसकी चेतावनी जारी की है।
मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा में भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से चेतावनी के चलते राज्य सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट जारी कर दिया है। उपायुक्तों को एहतियात बरतने के लिए कहा गया है। जिला कांगड़ा में कई स्थानों में इसके बाद अलर्ट जारी किया गया है।
भूलकर न जाएं ट्रेकिंग पर
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की चेतावनी के बाद प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों में पर्यटकों को जाने से मना किया गया है। प्रदेश में घूमने आने वाले पर्यटकों और ट्रैकरों को सचेत किया है कि वे चार से सात जनवरी तक भारी बर्फबारी और बारिश की आशंका के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में भूलकर न जाएं। इसके अलावा बर्फबारी वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी इस दौरान सचेत रहने को कहा गया है।
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम में शुक्रवार से बदलाव आया है। ऐसे में प्रदेश के कई इलाकों में बर्फबारी व बारिश होगी।
पर्यटकों के लिए जरूरी सुझाव
-हिमाचल में मौसम के रुख को देखते हुए पहाड़ों में ट्रेकिंग पर न जाएं।
-मनाली व शिमला में बर्फबारी शुरू होने की सूचना के साथ ही वहां घूमने न जाएं। इस दौरान आप बर्फबारी से बंद सड़कों के कारण परेशानी में फंस सकते हैं।
-हिमाचल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में घूमने जाने से पहले वहां की सूचना ले लें। यदि बर्फबारी शुरू हो गई है, तो कुछ दिन वहां न जाएं।
-बर्फबारी के दौरान वाहनों के फिसलन व हिमस्खलन की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में बर्फबारी के बीच वाहन न चलाएं। न ही हिमस्खलन वाले इलाकों में जाएं।
-बर्फबारी को लेकर प्रशासन व सरकार की चेतावनी पर गौर करें। इसे सामान्य न मानें।
-यदि आप रात में बर्फबारी में कहीं फंस जाते हैं, तो घबराएं नहीं, वहीं आसपास सुरक्षित ठिकाना ढूंढें और प्रशासन से मदद मांगें।