विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धर्मशाला में सुबह घर से निकली युवती का एक घंटे बाद अधजला शव बरामद, 10 दिन पहले चंडीगढ़ से लौटी थी शबनम

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:12 AM (GMT+05:30)

धर्मशाला के चीलगाड़ी में एक 27 वर्षीय युवती शबनम का अधजला शव उसके घर के पास सड़क किनारे मिला। वह 10 दिन पहले चंडीगढ़ से लौटी थी; पुलिस मामले की जांच कर रही है और बहन के बयान का इंतजार है।

धर्मशाला में युवती का अधजला शव बरामद हुआ है। प्रतीकात्मक फोटो

धर्मशाला में युवती का अधजला शव बरामद हुआ है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. धर्मशाला के चीलगाड़ी में युवती शबनम का अधजला शव मिला।

  2. शबनम 10-11 दिन पहले चंडीगढ़ से अपने घर लौटी थी।

  3. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, बहन के बयान का इंतजार।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। धर्मशाला के चीलगाड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवती का अधजला शव मिला है। युवती की पहचान 27 वर्षीय शबनम पुत्री चरण दास निवासी वार्ड नंबर छह, चीलगाड़ी, धर्मशाला के रूप में हुई है। उसका शव घर के समीप स्थानीय सड़क के किनारे जली हुई अवस्था में मिला है। घटना की सूचना सुबह करीब सात बजे पुलिस थाना धर्मशाला को मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

10 दिन पहले चंडीगढ़ से लौटी थी शबनम

जानकारी के अनुसार शबनम मूल रूप से गांव करेरी की रहने वाली थी और वर्ष 2023 से अपने माता-पिता, तीन बहनों और एक भाई के साथ चीलगाड़ी में रह रही थी। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। इसके साथ ही अपनी बहन के साथ चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में काम भी करती थी। करीब 10-11 दिन पहले ही वह चंडीगढ़ से घर लौटी थी।

सुबह 6 बजे घर से निकली थी, सड़क किनारे लपटें देख पहुंचे परिजन

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब छह बजे शबनम घर से बाहर निकली थी। कुछ समय बाद उसके माता-पिता और स्थानीय लोगों ने घर से दिखाई देने वाले स्थान पर आग जलती देखी। जब वे मौके पर पहुंचे तो शबनम आग की चपेट में थी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है। फिलहाल युवती के माता-पिता भी घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर अनजान हैं। 

बहन के बयान का इंतजार

उसकी बहन चंडीगढ़ से धर्मशाला पहुंच रही है। पुलिस को उसकी बहन के बयान से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में सड़क से माल ढुलाई का लगेगा पर्यावरण सेस, प्रदूषण नियंत्रण को बनेगा अलग फंड; सुक्खू सरकार लाई विधेयक 


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।