रोजगार पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार : बाली
भाजपा सरकार ने पिछले दो साल में यहां की जनता के लिए कुछ भी नहीं किया है। अब लोगों के पास दो साल के कार्यों की कारगुजारियों का हिसाब लेने का मौका है। यह बात धर्मशाला में पत्रकारवार्ता के दौरान पूर्व मंत्री जीएस बाली
संवाद सहयोगी, धर्मशाला : भाजपा सरकार दो साल में मुहैया करवाए गए रोजगार पर श्वेत पत्र जारी करे। सरकार ने कांगड़ा जिले से भेदभाव किया है जबकि एक ही जिले का विकास हुआ है। अब लोगों के पास दो साल के कार्यो की कारगुजारियों का हिसाब लेने का मौका है। यह बात पूर्व मंत्री जीएस बाली ने शनिवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि जबसे प्रदेश में भाजपा सरकार सत्तासीन हुई है, तबसे विकास कार्यों पर विराम लग गया है। सीमेंट और बिजली के दाम राज्य में अन्य प्रदेशों की तुलना में सबसे अधिक है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की हालत खस्ता कर दी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। पिछले दो साल में नगर निगम धर्मशाला को बजट मुहैया नहीं करवाया जा रहा है। कांग्रेसकाल में शुरू योजनाओं को बंद कर दिया है। आज दिन तक मेधावी बच्चों को लैपटॉप नहीं बांटे हैं। बकौल बाली, मुख्यमंत्री बताएं कि दो साल में उन्होंने जिला कांगड़ा के लिए कौन से बड़ी योजना दी है। यदि सरकार ने विकास करवाया है तो एक उपचुनाव जीतने के लिए मुख्यमंत्री को धर्मशाला में डेरा क्यों जमाना पड़ रहा है। बाली ने कहा कि जो भी धर्मशाला को राजधानी बनाएगा उसका वह स्वागत करेंगे। कांग्रेस कार्यकाल में दूसरी राजधानी की अधिसूचना जारी हुई थी और उस समय भी फैसले का स्वागत किया था और अब भी इसके पक्ष में हूं। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य विप्लव ठाकुर, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष सुखविदर सिंह सुक्खू, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, पूर्व मंत्री चंद्रेश कुमारी, पूर्व विधायक अजय महाजन, राजेश धर्माणी, एसटी मोर्चा महासचिव हंसराज ठाकुर, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सादिक खान, पीसीसी सचिव आरएस बाली व धर्मशाला हलके से कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र करण भी मौजूद रहे।