रियाली में वोट मांगने पहुंचे बलदेव ठाकुर लौटाए
विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के तहत पड़ते रियाली क्षेत्र में अना
संवाद सूत्र, बडूखर (फतेहपुर) : विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के तहत पड़ते रियाली क्षेत्र में अनाज खरीद केंद्र न खुलने से खफा लोगों ने रविवार को वोट मांगने आए भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को रास्ते से ही लौटा दिया। उन्होंने दो टूक कह दिया है कि चुनाव मैदान में उतरे नेता उनके इलाके में वोट मांगने न आएं। जब तक यहां अनाज खरीद केंद्र शुरू नहीं होता, तब तक किसी पार्टी या नेता का समर्थन नहीं किया जाएगा।
उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ वोट मांगने रियाली पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। हालांकि बलदेव ने ग्रामीणों से सौहार्द के साथ बातचीत की, लेकिन उनकी कोई बात नहीं सुनी गई। लोगों ने साफ कहा कि जब तक यहां पर अनाज खरीद केंद्र शुरू नहीं होता, तब तक किसी पार्टी या निर्दलीय प्रत्याशी को प्रचार करने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बलदेव से कहा कि प्रदेश सरकार ने 15 अक्टूबर तक अनाज खरीद केंद्र शुरू करने की घोषणा की है। यदि तब तक यह सुविधा शुरू हो जाती है तो वह यहां आकर वोट मांग सकते हैं। उसके बाद जनता उन्हें पूरा समर्थन देगी। अनाज खरीद केंद्र नहीं खुलता है है तो चुनाव प्रचार के लिए आने वाले हर नेता का क्षेत्र के किसान विरोध करेंगे।
घोषणा पूरी होने के बाद आशीर्वाद लेने आऊंगा : बलदेव
भाजपा उम्मीदवार बलदेव ठाकुर ने ग्रामीणों के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि अनाज मंडी के संबंध में उन्होंने कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग से बातचीत की है। सरकार की घोषणा के अनुसार समय पर अनाज खरीद केंद्र शुरू हो जाएगा। उसके बाद ही वह रियाली क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद लेने आएंगे।