पौंग झील में कितने विदेशी परिंदे, जल्द आएगा सामने
संवाद सूत्र, नगरोटा सूरियां : अंतरराष्ट्रीय रामसर वेटलैंड पौंग झील में कितनी प्रजातियों के विद
संवाद सूत्र, नगरोटा सूरियां : अंतरराष्ट्रीय रामसर वेटलैंड पौंग झील में कितनी प्रजातियों के विदेशी परिंदों ने दस्तक दी है यह जल्द सामने आएगा। रविवार को वन्य प्राणी विभाग की ओर से वार्षिक गणना शुरू कर दी गई है। इस कार्य में 23 टीमें जुटी हैं। पहली बार वार्षिक गणना तीन दिन चलेगी और इसमें बांबे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी (बीएनएचएस) के अलावा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि भी वन्य प्राणी विभाग का सहयोग कर रहे हैं।
...................
अब तक 84 प्रजातियों के 85700 परिंदे
झील में अब तक 84 प्रजातियों के करीब 85700 परिंदे दस्तक दे चुके हैं। इनमें बार हैडिडगीज, ग्रे लैग गीज, नॉर्दन शाब्लर, नॉर्दन पिंटेल, कॉमन पोचार्ड, टफटेड डक, रूडिशैलडक व कॉमन टील सहित अन्य प्रजातियों के पक्षी शामिल हैं।
.................
दो को मनाया जाएगा वेटलैंड डे
नगरोटा सूरियां में दो फरवरी को अंतरराष्ट्रीय वेटलैंड डे मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्कूलों से करीब चार सौ विद्यार्थी वेटलैंड पर आधारित वन्य जीव संरक्षण विषय पर पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता में भाग लेंगे। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
..................
ऐसे की जाती है गणना
परिंदों की गणना के लिए हरेक टीम में तीन से चार सदस्य होते हैं और ये दूरबीन व वॉकीटॉकी से लैस होते हैं। साथ ही इस कार्य में दूसरी टीमों से भी संपर्क बनाए रखते हैं। परिंदे अपनी प्रजाति के पक्षियों के साथ झुंडों में ही विचरण करते हैं। बार हैडिडगीज प्रजाति के परिंदे हजार के समूह में होते हैं। पक्षी विशेषज्ञ पहले प्रजातियों का वर्गीकरण करते हैं और इसके बाद इनके समूहों की गणना करते हैं। पक्षी समूह गिनती के दौरान उड़कर दूसरी बीट में चला जाए तो इसकी निगरानी दूरबीन से रखी जाती है और बीट में तैनात टीम को वॉकीटॉकी से सूचित कर दिया जाता है।
................
'पौंग झील में विदेशी परिंदों की गणना में 23 टीमें भाग जुटी हैं। रविवार को गणना कार्य शुरू कर दिया गया है। गणना में बीएनएचएस समेत कई परिंदों से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहयोग दे रहे हैं।'
-कृष्ण कुमार, डीएफओ वाइल्ड लाइफ वनमंडल हमीरपुर