विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'खटाखट पैसे देने का वादा करने वाले राहुल-सुक्खू ने खटारा किया सिस्टम', अनुराग का तंज- यह रियल नहीं रील बनाने वाले नेता

By Neeraj Vyas Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 23 Aug 2026 05:38 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला में राहुल-सुक्खू सरकार पर खजाना लुटाने और कर्मचारियों-पेंशनरों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने ...और पढ़ें

धर्मशाला में भाजपा के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ सम्मेलन को संबोधित करते अनुराग ठाकुर। जागरण

धर्मशाला में भाजपा के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ सम्मेलन को संबोधित करते अनुराग ठाकुर। जागरण

HighLights

  1. हिमाचल सरकार मित्रों पर खजाना लुटा रही, कर बढ़ाए।

  2. राहुल गांधी 'रील' नेता, सुक्खू ने सिस्टम खटारा किया।

  3. पेंशनर्स के डीए, एरियर लंबित, चेयरमैन मानदेय बढ़ा।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। केंद्रीय पूर्व मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार मित्रों पर खजाना लुटा रही है, जबकि लगातार कर व उपकर लगा रही है। ऐसे में वह दिन दूर नहीं जब ये सरकार हिमाचल में राहुल सेस, प्रियंका सेस, सोनिया सेस लगा देगी। खटाखट पैसे देने का वादा करने वाले राहुल-सुक्खू ने हिमाचल का सिस्टम खटारा कर दिया है। सुक्खू को उसी की भाषा में जवाब देना होगा और अब कांग्रेस को भगाओ फटाफट-फटाफट। 

धर्मशाला में पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला कांगड़ा के जिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह रील बनाने वाले नेता हैं, रियल नेता नहीं। उन्होंने राहुल गांधी के प्राथमिकी मामले को लेकर भी कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाया। राष्ट्रीय गीत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर देश को बांटने की राजनीति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रियंका पर भी साधा निशाना

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मंडी में स्कूल भवन बनकर तैयार होने के बावजूद उसके उद्घाटन के लिए नौ महीने इंतजार करना पड़ा। प्रियंका गांधी हिमाचल में जनता के बीच नहीं आईं और उनके कारण बच्चों को नौ महीने तक भवन से वंचित रहना पड़ा।

डीए व एरियर लंबित

प्रदेश के पेंशनर्स को 15 प्रतिशत डीए, वर्ष 2016 के वित्तीय लाभ और एरियर समेत कई देय लंबित हैं, जबकि सरकार के करीबी लोगों पर सरकारी खजाना लुटाया जा रहा है। पांच लाख नौकरियों का वादा, बहनों को 1500 रुपये का वादा सुक्खू सरकार पूरा नहीं कर सकी। 

चेयरमैन का मानदेय 35 हजार से 1.35 लाख हुआ

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में चेयरमैन को मिलने वाला मानदेय 35 हजार से बढ़ाकर 1.35 लाख रुपये कर दिया गया है। बड़ी गाड़ियों और नए घरों के साथ मित्रों की मौज चल रही है, जबकि कर्मचारी और पेंशनर्ज अपने वित्तीय लाभ के लिए इंतजार कर रहे हैं।

1.10 लाख करोड़ का कर्ज, मंत्री कठपुतली

सांसद ने आरोप लगाया कि हिमाचल पर करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो गया है और प्रदेश के कई अधिकारी दिल्ली प्रतिनियुक्ति पर चले गए हैं। उन्होंने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश को नंबर वन बनाने के लिए काम करने वाले नेतृत्व की जरूरत है, जबकि सरकार के मंत्री कठपुतली बने हुए हैं।

पेंशन खैरात नहीं, अधिकार और सम्मान : अनुराग

अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व कर्मचारी देश और प्रदेश के कर्मयोगी हैं, जिन्होंने अपनी जवानी और पूरी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाई। उन्होंने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि पूर्व कर्मचारियों का अधिकार और सम्मान है।

आठवें वित्त आयोग के लाभ भी दिलाएंगे

उन्होंने केंद्र सरकार की पेंशन संबंधी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वन रैंक, वन पेंशन, पेंशन अदालतों और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जैसी व्यवस्थाओं से पेंशनर्स को सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि सातवां वित्त आयोग लागू किया गया और आठवें वित्त आयोग के लाभ भी दिलाए जाएंगे। बुजुर्गों के लिए पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार और न्यूनतम पेंशन जैसी सुविधाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।

यह भी पढ़ें: विधानसभा से शिमला रिज पर पहुंचा वंदे मातरम् संग्राम, भाजपा विधायकों का सामूहिक गायन; महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना