विधानसभा से शिमला रिज पर पहुंचा वंदे मातरम् संग्राम, BJP विधायकों का सामूहिक गायन के बाद धरना; की नारेबाजी
शिमला रिज पर भाजपा विधायकों ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाते ...और पढ़ें
HighLights
भाजपा विधायकों ने शिमला रिज पर वंदे मातरम् गाया।
महात्मा गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस के खिलाफ धरना।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाया।
जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में रविवार को अवकाश रहा, लेकिन वंदे मातरम् पर संग्राम जारी रहा। भाजपा विधायक दल ने शिमला रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्र गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सभी भाजपा विधायक शिमला रिज पर पहुंचे। कांग्रेस की ओर से वंदे मारतम् के कथित अपमान के विरोध में भाजपा विधायक एकत्र हुए।
सामूहिक वंदे मातरम् गायन के बाद भाजपा विधायकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे बैठकर धरना दिया। इस दौरान भाजपा विधायकों ने भारत में यदि रहना होगा, वंदे मातरम् कहना होगा, वंदे मातरम् का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसी नारेबाजी की। रिज मैदान पर डेढ़ घंटे तक भाजपा विधायक दल ने धरना दिया।
कांग्रेस ने किया राष्ट्रगीत का अपमान : जयराम
जयराम ठाकुर ने कहा कि वंदे मातरम् भारत के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना से जुड़ा राष्ट्रगीत है। जयराम ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रगीत का अपमान हुआ। उन्होंने 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्र गीत वंदे मातरम् को खंडित किए जाने का भी उल्लेख किया। कहा कि देश संविधान से चलेगा, कांग्रेस कार्यसमिति के फरमान से नहीं।
सदन के कार्यक्रम से वंदे मातरम् को हटाया गया
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायक दल ने विधानसभा में केवल इतना आग्रह किया था कि सदन में संपूर्ण वंदे मातरम् का सम्मानपूर्वक गायन किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन की कार्यवाही से पहले तैयार किए गए कार्यक्रम में वंदे मातरम् का उल्लेख था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया। भाजपा ने सदन के भीतर इस विषय को उठाया, परंतु सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाने के बजाय गतिरोध की स्थिति पैदा की।
इस अवसर पर भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार, बिक्रम ठाकुर, राकेश जमवाल, त्रिलोक जमवाल, सुधीर शर्मा, आशीष शर्मा और पवन काजल सहित भाजपा विधायक दल के सदस्य तथा पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधानसभा में चल रहा गतिरोध
विधानसभा में भी वंदे मारतम् को लेकर गतिरोध चल रहा है। वहीं, कांग्रेस की ओर से भाजपा पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया गया है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार को भाजपा विधायक राष्ट्रगान समाप्त होने से पहले ही हाथ खड़ा कर चुके थे, जो राष्ट्रगान का अपमान है।
