टेंपो ने थ्री व्हीलर को मारी टक्कर, एक की मौत
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा भराल के निकट रैहन-राजा का तालाब सड़क पर हुआ।
नूरपुर, जेएनएन। पुलिस चौकी रैहन के तहत सड़क हादसे में एक थ्री व्हीलर चालक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। हादसे का कारण टेंपो चालक की ओर से ओवरटेक करते समय थ्री व्हीलर को पीछे से टक्कर मारना रहा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा भराल के निकट रैहन-राजा का तालाब सड़क पर हुआ। मृतक की पहचान 45 वर्षीय साहिब सिंह निवासी कंदौर के रूप में हुई है, जबकि थ्री व्हीलर में सवार सुनील घायल है। थ्री व्हीलर नंबर एचपी 38 बी 4429 व टेंपो पीबी 08 पीजी 9746 रैहन के निकट भराल गांव में एक ही दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान अचानक टेंपो चालक ने ओवरटेक करते हुए थ्री व्हीलर को पीछे से टक्कर मार दी। इससे थ्री व्हीलर चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल दलजीत कटोच व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने टेंपो चालक को राजा का तालाब में पकड़ लिया है।
पुलिस ने टेंपो चालक दविंद्र सिंह निवासी जालंधर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक का सिविल अस्पताल नूरपुर में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
नवदीप सिंह, डीएसपी
राजपुर चौक में कार ने बाइक को मारी टक्कर
समीपवर्ती राजपुर चौक में बुधवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हालांकि किसी को गंभीर चोटें तो नहीं आई हैं मगर दोनों ही वाहनों को नुकसान हुआ है।
बुधवार सुबह पंचरुखी की ओर से आई दिल्ली नंबर की कार ने गलत साइड पर बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर दो लोग होल्टा स्थित कैंटीन से सामान लेकर लौट रहे थे कि राजपुर चौक में कार ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक इतनी तेज गति में था कि ब्रेक लगाने के बाद भी 15 फुट तक गाड़ी आगे खिसक गई व सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। उधर यातायात पुलिस प्रभारी एएसआइ प्रदीप कुमार ने बताया कि तेज गति से वाहन चलाने पर कार चालक का चालान किया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में सहमति के कारण केस दर्ज नहीं किया है।
यह भी पढ़ें: 300 फीट गहरी खाई में गिरी बेकाबू कार, तीन लोगों की मौत