पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंड्डू को पद से हटाने व पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपितों को पकड़ने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस 10 दिन से जिला मुख्यालय में धरने पर बैठी है।
संवाद सहयोगी, चंबा : प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंड्डू को पद से हटाने व पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपितों को पकड़ने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस 10 दिन से जिला मुख्यालय में धरने पर बैठी है। इस दौरान युवा कांग्रेस की ओर से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया है। 10 दिन के बाद भी सरकार की ओर से पुलिस महानिदेशक के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने पर बुधवार को युवा कांग्रेस ने मुख्यालय में कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष नीरज नैयर की अध्यक्षता में विरोध रैली निकाली।
सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। शहर के मुख्य चौराहे पर डीजीपी का पुतला भी जलाया। कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष नीरज नैयर, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन कमेटी अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया सहित अन्य का कहना है प्रदेश में दूसरी बार पुलिस भर्ती पेपर लीक का मामला सामने आया है। इसके अलावा जेओए, पटवारी भर्ती सहित अन्य तरह की परीक्षाएं भी सवालों में घिरी हैं। बीजेपी सरकार के कार्यकाल में एक तो नौकरियां न मिल पाने से युवा बेरोजगार हो गए हैं अगर कहीं कुछ विभागों में भर्तियां की भी हैं तो उन सब में धांधलियां ही सामने आई हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कि मैदान में पसीने बहाने के बाद दिन रात पढ़ाई करने वाले युवाओं के सपनों पर पानी फेरने वाले मुख्य आरोपितों को जब तक पकड़ा नहीं जाता व पुलिस महानिदेशक को पद से हटाया नही जाता इसके अलावा प्रदेश के 75 हजार युवाओं को न्याय नहीं मिल पाता तब तक तक युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।