CM सर... मां 600 KM दूर नौकरी कर रहीं, याद आती है... घर के पास बुला दें; चंबा में सुक्खू से लिपट कर बोली बच्ची
पांचवीं कक्षा की वंशिका ने चंबा में मुख्यमंत्री सुक्खू से अपनी मां का तबादला घर के पास करने की भावुक ...और पढ़ें

चंबा के देहग्रां में स्कूली छात्रा से बात करते सीएम सुक्खू। जागरण
HighLights
पांचवीं की वंशिका ने सीएम सुक्खू से की भावुक अपील।
मां का 600 किमी दूर से घर के पास तबादला मांगा।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया, मां के तबादले पर जल्द कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, तीसा (चंबा)। मां से मिलने की तड़प और परिवार के साथ रहने की इच्छा ने पांचवीं कक्षा की वंशिका को भावुक कर दिया। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को सामने देखकर वह अपने आंसू नहीं रोक पाई। मुख्यमंत्री से लिपटकर फूट-फूटकर रोते हुए बोली, सर... मेरी मां 600 से ज्यादा किलोमीटर दूर नौकरी कर रही हैं। कृपया उन्हें घर के नजदीक तैनात करवा दीजिए।
बच्ची की यह फरियाद सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे गले लगाया और प्यार से पूरी बात सुनी। यह भावुक दृश्य चुराह विधानसभा क्षेत्र की पंचायत बैरागढ़ के देहग्रां में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला।
सीएम ने पूछा क्या नौकरी करती हैं आपकी मां
मुख्यमंत्री ने बच्ची से पूछा कि उसकी माता क्या करती और किस विभाग में कार्यरत हैं। वंशिका ने बताया कि उसकी माता नरो देवी शिमला जिले के शिक्षा खंड नेरवा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोवल में जेबीटी के पद पर दो वर्षों से सेवाएं दे रही हैं। पिता गिरीश कुमार किसान हैं। वह और उसका भाई पिता के साथ घर पर रहते हैं।
बच्ची की बातें सुन सीएम ने लगाया गले
वंशिका ने बताया कि वह जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ना चाहती है। इसके लिए उसे जिले के स्कूल में पढ़ाई करनी जरूरी है। इसी कारण परिवार को मां से दूर रहना पड़ रहा है। वंशिका की बातें सुन मुख्यमंत्री ने उसे दोबारा गले लगाया।
सीएम ने दिया आश्वासन
सीएम सुक्खू आश्वासन दिया कि उसकी माता की तैनाती घर के नजदीक करवाने के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नरो देवी को भी बुलाकर उनसे पूरी जानकारी हासिल की। वंशिका ने बताया कि वह आईपीएस अधिकारी बनना चाहती है।