पांगी घाटी में सात इंच बर्फबारी, घरों में कैद हुए लोग
जिला चंबा में रविवार को एक बार फिर से मौसम ने करवट बदल ली है।
संवाद सहयोगी, पांगी : जिला चंबा में रविवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली। जिला में सुबह के समय हल्की धूप खिली रही लेकिन दोपहर बाद मौसम खराब होने के चलते चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई। निचले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश भी होती रही। बारिश व बर्फबारी से जिला में ठंड बढ़ गई है।
रविवार को पांगी घाटी सहित भरमौर व होली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। पांगी घाटी के किलाड़ मुख्यालय में रविवार शाम तक करीब सात इंच, जबकि ऊपरी क्षेत्रों में एक फीट तक बर्फबारी हो गई थी। इस कारण पांगी घाटी एक बार फिर से बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई है। रविवार शाम तक बर्फबारी का क्रम लगातार जारी था। यदि सोमवार को भी यह क्रम जारी रहता है तो घाटी के लोगों की दिक्कतें बढ़ जाएंगी। शाम के समय बर्फबारी होने से घाटी के लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हो गए। मौसम विभाग के अनुसार पांच दिन तक जिले में भारी बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। बहरहाल, पांगी में हुई बर्फबारी से घाटी के लोग कैद होकर रह गए हैं। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा ताजा एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत पांच दिन तक पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की आशंका है। बारिश तथा बर्फबारी के दौरान लोग सावधानी बरतें और बर्फबारी संभावित स्थानों पर न जाएं।
हेमराज बैरवा, अतिरिक्त उपायुक्त चंबा।