डलहौजी में सीजन की पहली बर्फबारी, पांगी में जनजीवन अस्त-व्यस्त
जिला चंबा में शनिवार को मौसम के करवट बदलते ही ठंड का प्रकोप बढ़ गया। इससे जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया।
जागरण टीम, चंबा, पांगी, सलूणी, भरमौर : जिला चंबा में शनिवार को मौसम के करवट बदलते ही ठंड का प्रकोप बढ़ गया। इससे जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया, वहीं निचले क्षेत्रों में पूरा दिनभर बारिश होती रही। इसके कारण अधिकतर लोग घरों में ही दुबके रहे। ठंड का प्रकोप बढ़ने से पांगी घाटी में सबसे अधिक बर्फबारी हुई है। पांगी मुख्यालय किलाड़ में करीब एक से डेढ़ फीट तक हिमपात हुआ। इसके अलावा ऊपरी इलाकों प्रेगां, सुण, मूर्छ, थांदला कुलाल, कुमार परमार सहित पांगी की पांच भटोरियों सुराल, चस्क, परमार, हिल्लुतावान्न तथा हुड्डान में दो से तीन फीट तक बर्फबारी हुई है। इसके अलावा भरमौर तथा सलूणी की पहाड़ियों पर भी हिमपात हुआ है। उधर, पर्यटन नगरी डलहौजी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। यहां पर दो से ढाई इंच तक बर्फबारी हुई। बर्फबारी से जिला में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।
बर्फबारी से पांगी घाटी में तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है। पानी जमने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। यहां पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई है। मौसम को देखते हुए पांगी प्रशासन ने लोगों से जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलने का चेतावनी दी है। चंबा मुख्यालय में भी शनिवार को पूरा दिनभर बारिश जारी रही, जिस कारण लोगों की चहल-पहल कम ही रही। अधिकतर लोग घरों में ही दुबके रहे, जिस कारण बाजार में महज इक्का-दुक्का लोग ही पहुंच पाए। जिला में मौसम के करवट बदलने के कारण बारिश तथा बर्फबारी का दौर जारी है। लोगों से अपील है कि वे यदि जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलें। मौसम खुलने पर ही घरों से बाहर निकलें तथा कार्य निपटाएं।
हरिकेश मीणा, उपायुक्त।