डलहौजी में बर्फबारी में सैलानियों ने की मस्ती
पर्यटन नगरी डलहौजी में भी मौसम ने करवट बदली और यहां हिमपात हुआ।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : पर्यटन नगरी डलहौजी में शनिवार सुबह से शुरू हुई बर्फबारी का सिलसिला शाम तक जारी रहा। शहर में दो से ढाई इंच तक बर्फबारी हुई लेकिन वाहनों की आवाजाही व बारिश से बर्फ पिघलती रही और टिक नहीं सकी। इससे शहर में यातायात व्यवस्था भी रुक-रुककर चलती रही। डलहौजी के ऊपरी क्षेत्रों आहला, लक्कड़मंडी, डैनकुंड व कालाटोप में करीब एक फीट तक हिमपात हुआ। पर्यटन नगरी में हिमपात होता देखकर पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सैलानियों ने आसमान से गिरते बर्फ के फाहों के बीच खूब मस्ती की। हालांकि ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते सड़कों में फिसलन बढ़ने से पर्यटक ज्यादा बर्फ वाले स्थानों पर जाकर मस्ती नहीं कर सके। बर्फबारी के चलते पर्यटन नगरी की पहाड़ियों में बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। समूचे उपमंडल में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। बर्फबारी से सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोग व व्यापारी ठंड से बचने के लिए हीटर व अलाव सेंकते रहे। मौसम खराब हो जाने व बर्फबारी में फंसने के डर से कई पर्यटक दोपहर को ही डलहौजी से लौट गए, वहीं स्थानीय लोगों ने भी घरों के लिए आवश्यक खाद्य वस्तुएं जुटा लीं।