अनोगा स्कूल में खेला गया 'कौन बनेगा विद्यालयपति'
बाल दिवस पर अनोगा स्कूल में बच्चों में कौन बनेगा विद्यालयपति प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
संवाद सूत्र, तेलका : शिक्षा खंड सुंडला के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला अनोगा में बाल दिवस पर बच्चों के लिए ज्ञानवर्द्धक एवं मनोरंजक गतिविधियां करवाई गई। इसमें आकर्षण का केंद्र रही 'कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर करवाई गई कौन बनेगा विद्यालय पति' खेल प्रतियोगिता। इसमें दो दलों में चार बच्चों ने हिस्सा लिया। उनसे 20 प्रश्न पूछे गए। हर सही जवाब के लिए 10 रुपये ईनाम रखा गया। प्रतियोगिता का संचालन कनिष्ठ अध्यापक युद्धवीर टंडन ने किया। सबसे पहले 10 प्रश्नों के जवाब पर पांचवीं कक्षा के छात्र नितिन राणा और चौथी के अब्दुर रहमान को विद्यालय पति का खिताब मिला और 10 सही जवाबों के लिए 100 रुपये की राशि भी जीती। इसके साथ ही बच्चों को अपने आप को शोषण एवं खतरे से बचने की जानकारी भी दी गई। इसके लिए चाइल्ड लाइन द्वारा निर्मित लघु फिल्म 'कोमल' भी बच्चों ने देखी और अपनी सुरक्षा स्वयं करने के प्रति जानकारी हासिल की। बच्चों को गुड टच व बैड टच को लेकर भी जागरूक किया गया। इस मौके पर चाइल्ड लाइन के समन्वयक कपिल शर्मा भी वीडियो एवं ऑडियो कॉन्फ्रें¨सग से अनोगा स्कूल के बच्चों से रूबरू हुए। उन्होंने बच्चों को अपनी सुरक्षा और 1098 हेल्पलाइन के बारे में भी बताया। संवाद सहयोगी, भरमौर : राजकीय प्राथमिक कन्या पाठशाला भरमौर में बाल सभा का आयोजन किया गया। इसमें स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष व अभिभावक मौजूद रहे। इस दौरान लोकनृत्य, कविता वाचन, एकलगान, समूहगान, लोक नृत्य व चित्रकला प्रतियोगता करवाई गई। चित्रकला में एंजल ने पहला व पल्लवी ने दूसरा स्थान हासिल किया। लोक नृत्य में रुचिका एंड ग्रुप ने पहला व छवि ने दूसरा स्थान झटका। समूहगान में भी रुचिका एंड ग्रुप ने बाजी मारी। एकल गान में अक्षरा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रुबि ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य में रुचिका एंड पार्टी ने पहला व कविता वाचक में भी रुचिका ने पहला स्थान प्राप्त किया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने विजेता बच्चों को सम्मानित किया। इस मौके पर स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। संवाद सहयोगी, चंबा : राजकीय उच्च विद्यालय पल्यूर में बुधवार को पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया। बच्चों में विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गई। भाषण, चित्रकला और समूहगान प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्याध्यापिका रेखा शर्मा ने बच्चों में देशभक्ति का जज्बा भी भरा। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।