विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब बारिश के भरोसे नहीं रहेगी खेती, हिमाचल के साहो गांव में 6 करोड़ से संवरेगी वर्षों पुरानी सिंचाई व्यवस्था

Published: Tue, 10 Nov 2026 10:03 AM (IST)

साहो में छह करोड़ की लागत से वर्षों पुरानी सिंचाई कूहल को पुनर्जीवित किया जा रहा है, जिससे किसानों को ...और पढ़ें

हिमाचल के साहो गांव में 6 करोड़ से संवरेगी वर्षों पुरानी सिंचाई व्यवस्था (फाइल फोटो)

हिमाचल के साहो गांव में 6 करोड़ से संवरेगी वर्षों पुरानी सिंचाई व्यवस्था (फाइल फोटो)


HighLights

  1. साहो में छह करोड़ से पुरानी सिंचाई कूहल का जीर्णोद्धार

  2. किसानों को अब बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा

  3. पाइपलाइन बिछाने में किसानों की अनुमति पर विवाद

जागरण संवाद केंद्र, साहो। साहो के किसानों के लिए अब खेती-किसानी में मौसम की बेरुखी बाधा नहीं बनेगी। फसल की बिजाई हो या खेतों की सिंचाई, अब उन्हें बारिश का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

वर्षों से बंद पड़ी कूहल को दोबारा चालू करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब छह करोड़ रुपये की धनराशि से तैयार हो रही यह सिंचाई व्यवस्था साहो क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। कूहल के निर्माण से न केवल खेतों तक पानी पहुंचेगा, बल्कि ग्रामीणों की पानी से जुड़ी कई जरूरतें भी पूरी होंगी।

कूहल के निर्माण कार्य में मजबूती और टिकाऊपन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके आधे हिस्से तक कंकरीट से पक्की कूहल का निर्माण किया गया है, जबकि आगे के हिस्से में जीआई पाइप बिछाए गए हैं।

इससे पानी की आपूर्ति सुचारू रखने और लंबे समय तक व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने में मदद मिलेगी। इस परियोजना का लाभ साहो क्षेत्र की दो हजार से अधिक आबादी को मिलने की उम्मीद है।

सिंचाई सुविधा बहाल होने से किसानों को फसलों की बिजाई और सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचने से कृषि कार्यों को गति मिलेगी और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

इसके अलावा मवेशियों के लिए पीने का पानी उपलब्ध करवाने के साथ ग्रामीणों को दैनिक उपयोग और अन्य जरूरी कार्यों के लिए भी पानी की सुविधा मिलेगी। वर्षों से बंद पड़ी कूहल का दोबारा निर्माण साहो के लिए सिंचाई और जल उपलब्धता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

किसानों ने ने कार्य पर जताई आपत्ति

साहो के किसानों को कूहल से सिंचाई सुविधा देने के साथ किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए अलग से छोटी एचडीपीई पाइपलाइन भी बिछाई जा रही है। इस पाइप लाइन को बिछाने के लिए की गई खुदाई पर किसानों ने आपत्ति जाहिर की है।

किसानों का कहना है कि खेतों तक पाइपलाइन पहुंचाने की पहल अच्छी है, लेकिन कई जगह संबंधित किसानों की पूर्व अनुमति और सहमति के बिना पाइप बिछाई जा रही है। काम के दौरान गांव और खेतों को जोड़ने वाले रास्ते भी तोड़े जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।

इसके अलावा खोदाई के दौरान किसानों को खेतों में एक दूसरे के खेतों का भी पता नहीं चल पा रहा है। किसानों और ग्रामीणों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पाइपलाइन बिछाने से पहले संबंधित किसानों से बातचीत कर उनकी सहमति ली जाए।

हर किसान के खेत को कूहल से जोड़ते समय उसकी मंजूरी और सुविधा का ध्यान रखा जाए, ताकि आगे किसी तरह का विवाद न हो। ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि पाइपलाइन के लिए खोदे या क्षतिग्रस्त किए गए रास्तों की काम पूरा होने के बाद पहले की तरह पूरी मरम्मत कराई जाए। इससे गांवों और खेतों तक लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होगी।

सदियों से साहो के किसानों के खेतों को तर करने वाली कूहल जगह-जगह से टूट फूट गई थी। कूहल को नए सिरे बनाने के लिए काफी प्रयास किए। धन्न राशि स्वीकृत होने के बाद कूहल का कार्य प्रगति पर है। अब पाइपों को डाल कर कूहल का कार्य मजबूती के साथ किया जा रहा है। इस कार्य पर छह करोड़ रूपए की राशि खर्च की जा रही है। कार्य पूरा होते ही किसानों को फसल के लिए मौसम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। -नीरज नैयर विधायक चंबा सदर

साहो के लिए कूहल निर्माण का कार्य प्रगति पर है। कार्य के दौरान खुदाई अदि को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जाहिर की थी। मौके पर सहायक अभियंता को भेज कर लोगों से बातचीत कर स्थानीय लोगों व किसानों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए उनकी राय अनुसार कार्य को करने की बात कही है। ताकि जल्द कार्य पूरा हो सके ओर किसानों को सुविधा मिले। -जितेंद्र शर्मा अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग चंबा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।