पिकअप खाई में गिरी, चालक की मौत
उपमंडल भरमौर के तहत कूंर बस स्टैंड के पास मंगलवार देर सायं पिकअप खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई और एक वृद्ध घायल हो गया।
संवाद सहयोगी, चंबा : उपमंडल भरमौर के तहत कूंर बस स्टैंड के पास मंगलवार देर सायं पिकअप खाई में गिर गई। हादसे में चालक की मौत हो गई और एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। मृतक की पहचान चालक पंकज कुमार (27) निवासी गांव पुहाड़ा तहसील शाहपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई। घायल सुरेश कुमार (70) पुत्र धनी राम भी इसी गांव का रहने वाला है।
मंगलवार देर सायं पिकअप कूंर बस स्टैंड के पास जा रही थी। कुछ दूरी पर जाने पर पिकअप करीब सौ मीटर खाई से गिर गई। हादसे में चालक की मौत हो गई और एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने गाड़ी के आवाज सुनी और तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को भी घटना की सूचना दी। मृतक के शव व घायल को सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद घायल वृद्ध को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने धारा 279, 337, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चिकित्सा अधीक्षक विनोद शर्मा ने कहा पिकअप हादसे में घायल वृद्ध की हालत खतरे से बाहर है।
----------
पिकअप के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई और एक वृद्ध घायल हो गया। उसका मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
-डॉ. मोनिका, पुलिस अधीक्षक चंबा