पुखरी में तूफान से मक्की व सेब की फसल तबाह
उपतहसील पुखरी में वीरवार देर रात भारी बारिश व तूफान से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
संवाद सहयोगी, पुखरी : उपतहसील पुखरी में वीरवार देर रात भारी बारिश व तूफान से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे ग्राम पंचायत मसरूंड, टिकरी तथा झुलाड़ा सहित अन्य स्थानों पर किसानों द्वारा बीजी गई मक्की की फसल तबाह हो गई। साथ ही कई स्थानों पर सेब के पेड़ भी उखड़ गए। प्रशासन ने नुकसान का आकलन लगाना शुरू कर दिया है। टिकरी में वीरवार देर शाम भारी बारिश तथा तूफान से किसानों ब बागवानों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। पंचायत के गांव ढलोगा, सरूंडा, टिकरी, न्यारी में बागवानों के करीब डेढ़ दर्जन सेब के पेड़ों सहित मक्की की फसल भी बर्बाद हो गई। इससे पंकज, काका राम, अशोक, र¨वद्र, सोम, जितेंद्र सहित किसानों व बागवानों को नुकसान उठाना पड़ा है। शुक्रवार को पंचायत में हुए नुकसान के बारे में पंचायत प्रधान अंजना ने अपने स्तर पर आकलन किया। नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। आरंभिक जांच में करीब 50000 से अधिक के नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है। वीरवार देर रात भारी बारिश के साथ पंचायत में तूफान आया, जिससे लोगों की मेहनत पर पानी फिर गया। लोग इन दिनों सेब पेड़ों से उतारने व मक्की की फसल को काटने की तैयारी कर रहे थे। भले ही टिकरी पंचायत में हुए नुकसान का आकलन अभी पच्चास हजार से अधिक आंका जा रहा हो, लेकिन प्रशासन के आकलन की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
ग्राम पंचायत टिकरी की प्रधान अंजना ने बताया कि पंचायत में बारिश व तूफान के कारण काफी नुकसान हुआ है। इस संबंध में रिपोर्ट बनाई गई है, जिसे संबंधित विभाग को दिया जाएगा।
एसडीएम चंबा दीप्ति मंढोत्रा ने बताया कि उपतहसील पुखरी में बारिश व तूफान के कारण लोगों को काफी नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके उपरांत ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।