लाहड़ू में सार्वजनिक शौचालय के नहीं खुले ताले
संवाद सहयोगी बकलोह तुनुहट्टी-लाहड़ू मार्ग पर लाहड़ू चौक में बना सार्वजनिक शौचालय पिछले
संवाद सहयोगी, बकलोह : तुनुहट्टी-लाहड़ू मार्ग पर लाहड़ू चौक में बना सार्वजनिक शौचालय पिछले एक साल से सफेद हाथी बना हुआ है। यहां पर अकसर ताला लटका रहता है। इस कारण डलहौजी, चुवाड़ी व सिंहुता जाने वाले लोगों व यात्रियों सहित स्थानीय लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हैं।
लाहड़ू के मुख्य चौक के सामने करीब 10 साल पहले एक स्नानागार और शौचालय का निर्माण पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से किया गया था। इसकी देखरेख सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस आर्गेनाईजेशन शिमला द्वारा की जाती थी। बीते वर्ष मार्च माह में लगे लॉकडाउन के बाद इस पर ताला लटका हुआ है, जो अब तक खुला नहीं है।
सार्वजनिक शौचालय बंद होने से यहां पर आने वाले लोगों को हमेशा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी सुरेश शर्मा, अनूप, दिलप्रीत, अनित, गुरप्रीत, अजय, संजू तथा बिक्की का कहना है कि इस शौचालय को दोबारा से खोलने की मांग की जा रही है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस कारण वाहन चालकों, सवारियों सहित स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। सबसे अधिक महिलाओं को हो रही है। लोग खुले में शौच करने को मजबूर हो गए हैं, जिससे यहां पर गंदगी भी फैल रही है। इससे स्वच्छ भारत मिशन को धक्का लग रहा है।
लोगों का कहना है कि जब उक्त स्थान पर सार्वजनिक स्नानागार व शौचालय का निर्माण करवाया गया था तो उसके बाद लोगों को काफी सुविधा मिल रही थी। आसपास गंदगी भी नहीं फैल रही थी। जब से इसे बंद किया गया है, तब से हर दिन लोग दिक्कतें झेल रहे हैं। लोगों ने एसडीएम भटियात से मांग की है कि सार्वजनिक शौचालय को जल्द से जल्द लोगों की सुविधा के लिए खुलवाया जाए।
उधर, एसडीएम भटियात बच्चन सिंह ने बताया कि उक्त शौचालय की मरम्मत के लिए ब्लॉक में करीब एक लाख 80 हजार की राशि आ चुकी है। जल्द ही पंचायत के माध्यम से इस को बना कर लोगों की सुविधा के लिए खोल दिया जाएगा।