अचेत युवक को सहायक उप-निरीक्षक ने पहुंचाया अस्पताल
तीसा थाना में बतौर सहायक उप निरीक्षक तैनात यशपाल ने अचेत अवस्था में पड़े एक युवक को बचाकर इंसानियत की मिसाल कायम की है। उन्होंने केला नामक स्थान पर एक लड़के को सड़क पर अचेत अवस्था में पाया।
संवाद सहयोगी, चंबा : तीसा थाना में बतौर सहायक उप निरीक्षक तैनात यशपाल ने अचेत अवस्था में पड़े एक युवक को बचाकर इंसानियत की मिसाल कायम की है। सहायक उप निरीक्षक यशपाल सरकारी कार्य के बाद चंबा से तीसा की ओर जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने केला नामक स्थान पर एक लड़के को सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े देखा। पुलिस टीम ने गाड़ी से उतरकर उसको करीब जाकर देखा तो उसकी हालत गंभीर थी। इस पर वे लड़के को अपनी गाड़ी में तीसा अस्पताल की ओर ले गए। यशपाल ने बताया कि रास्ते में उन्होंने 108 एंबुलेंस को फोन करके घटना की जानकारी दी। जैसे ही वे नकरोड़ पहुंचे तो एंबुलेंस भी आ गई। जहां से लड़के को पुलिस की गाड़ी से उतार कर एंबुलेंस से तीसा अस्पताल पहुंचाया गया। लड़के की पहचान न होने पर उसकी फोटो को वाट्सएप से वायरल किया गया तो पता चला कि इस लड़के का नाम धर्मेद्र पुत्र भीलो राम निवासी चोली पंचायत है। उसके बाद उस लड़के के परिजनों को सूचित किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद लड़के को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया। सहायक उप-निरीक्षक यशपाल व पुलिस टीम की लोग सराहना कर रहे हैं।
उधर, एसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि सहायक उप-निरीक्षक यशपाल ने इंसानियत की मिसाल कायम की है। सभी लोगों को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए।