किसान फसल का पहरा करने को मजबूर
विकास खंड चंबा की ग्राम पंचायत टिकरी में जंगली सुअर किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
संवाद सहयोगी, पुखरी : विकास खंड चंबा की ग्राम पंचायत टिकरी में जंगली सुअर किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। सुअर खेतों को भी उखाड़ दे रहे हैं तथा मिट्टी को इधर-उधर बिखेर रहे हैं। क्षेत्र के किसान लाख कोशिश के बाद भी अपनी फसल की सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं।
झुंड में आने वाले सुअरों के सामने किसान बेबस हैं। फसल को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए सरकार के पास भी कोई कार्य योजना नहीं है। इनका शिकार भी नहीं किया जा सकता। टिकरी व आसपास के गांव में मक्की की फसल को जंगली सुअर झुंड में नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन भाग को शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। किसान अपने खेतों में आवाज करने वाले पंखे, लाउड स्पीकर, मोबाइल पर गाने व आतिशबाजी कर फसल की सुरक्षा करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हो रहा। कई किसान झुंड में आने वाले सुअरों से फसल बचाने के लिए सामूहिक रूप से खेतों की भी रखवाली कर रहे हैं। मशालें लेकर किसान रात में खेतों की रखवाली कर रहे हैं। इसके बाद भी जंगली सुअर फसल को बर्बाद कर रहे हैं। क्षेत्र के किसानों ने सरकार से मांग की है कि यहां जंगली सुअरों को भगाने के लिए उचित प्रबंध किए जाएं।