नियमित हवाई उड़ान न होने पर उखड़ा पांगी कल्याण संघ
चंबा जिला मुख्यालय में रविवार को पांगी कल्याण संघ की बैठक का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, चंबा : जिला मुख्यालय में रविवार को पांगी कल्याण संघ की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान भगत बढ़ौतरा ने की। बैठक में पांगी घाटी के लिए नियमित हवाई उड़ान न होने पर रोष व्यक्त किया गया। प्रधान ने बताया कि पांगी घाटी के लिए प्रदेश सरकार ने उड़ानों का शेडयूल तो जारी किया, लेकिन करीब 70 प्रतिशत उड़ानें नहीं हो पाई। इस कारण घाटी के लोगों का काफी रोष है। लगातार उड़ान न होने पर लोग प्रशासन की सूचना पर हैलीपेड पहुंचे, लेकिन उड़ान स्थगित न होने पर उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। पांगी में फंसे कई मरीजों को हवाई उड़ान न होने के कारण वाया जम्मू-कश्मीर का सफर तय करके इलाज कराने के लिए कुल्लू व चंबा पहुंचना पड़ा। संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस बारे में जांच की जाए। पांगी के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। वहीं उन्होंने बताया कि साच पास पर बर्फ हटाने का कार्य काफी धीमी गति से किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग ने बर्फ हटाने का कार्य अपने कर्मचारियों व ठेकेदारों को सौंपा है। यह कार्य धीमी गति से किया जा रहा है। बर्फ को हटाने के लिए पांगी में नई मशीनें भी उपलब्ध हैं, लेकिन उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। पानी कल्याण संघ ने अधिशासी अभियंता से मांग की है कि बर्फ को हटाने का कार्य शुरू किया जाए ताकि लोगों को दिक्कत पेश न आए। इस मौके पर इंद्र सिंह ठाकुर, करण सिंह ठाकुर, बीआर ठाकुर, पायल ठाकुर, वजीर चंद शर्मा, रोशनलाल ठाकुर, किशन वर्मा, बाबूराम, पदम देव, भीमसेन, कश्मीर चंद, विश्वनाथ समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।